प्रेग्नेंट महिलाएँ कैसे रखे गर्मी में अपना ध्यान

देश के कई हिस्सों में अप्रैल से ही भीषण गर्मी पड़ रही है, जिसका सबसे ज्यादा असर गर्भवती महिलाओं पर देखा जा रहा है।

बढ़ते तापमान में प्रेग्नेंट महिलाओं को खास सावधानी रखने की जरूरत होती है।

गर्भावस्था के दौरान शरीर का तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा रहता है, जिससे डिहाइड्रेशन, थकान और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए इस दौरान लाइफस्टाइल में कुछ जरूरी बदलाव करना बहुत जरूरी है।

गर्भवती महिलाओं को दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहना चाहिए ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

नारियल पानी, छाछ और ताजे जूस जैसे हेल्दी तरल पदार्थों को डाइट में शामिल करना फायदेमंद होता है। साथ ही फल, सब्जियां और पोषक तत्वों से भरपूर संतुलित आहार लेना चाहिए।

तेज धूप में बाहर निकलने से बचना चाहिए और अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढककर रखें। ज्यादा देर तक धूप में रहने से बचें और बीच-बीच में आराम करते रहें।

गर्मी में हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनना ज्यादा आरामदायक होता है। टाइट या सिंथेटिक कपड़े पहनने से बचना चाहिए क्योंकि इससे परेशानी बढ़ सकती है। 

दिन में छोटे-छोटे अंतराल पर हल्का भोजन करना भी फायदेमंद होता है, ताकि शरीर को लगातार ऊर्जा मिलती रहे।

तला-भुना और ज्यादा मसालेदार खाना कम करना चाहिए। अगर बार-बार चक्कर आना, तेज सिर दर्द, उल्टी, ज्यादा थकान या बेहोशी जैसी समस्या हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।