मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अपने नए Tateeree Song के कारण विवादों में फंस गए हैं। हरियाणा पुलिस ने वीडियो में आपत्तिजनक और अश्लील कंटेंट शामिल करने के कारण बादशाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। विवाद बढ़ते देख बादशाह ने गाना यूट्यूब से भी हटा दिया है। पंचकूला पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी किया है और लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें।
क्यों दर्ज हुई FIR?
‘टटीरी’ गाने में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को आपत्तिजनक तरीके से दिखाए जाने का आरोप है। सोशल मीडिया पर #BoycottTateeree ट्रेंड कर रहा है। हरियाणा महिला आयोग ने भी बादशाह को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। आलोचकों का कहना है कि गाने में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी लड़कियों को सेक्शुअलाइज किया गया है, जो समाज के लिए खतरनाक संदेश है। पुलिस के अनुसार वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी बच्चियों को पढ़ाई से दूर भागते और बैग फेंकते दिखाया गया है। साथ ही सरकारी संपत्ति, जैसे हरियाणा रोडवेज की बस और स्कूल परिसर का इस्तेमाल बिना अनुमति किए जाने का भी संदेह है।
पुलिस की कार्रवाई
पंचकूला पुलिस ने साइबर थाना सेक्टर-20 में FIR नंबर 28, दिनांक 6 मार्च 2026 के तहत मामला दर्ज किया है। इसमें वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को गलत तरीके से दिखाने, आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल और सरकारी परिसरों/बस का बिना अनुमति उपयोग करने की जांच शामिल है। पुलिस ने वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने के नोटिस भी जारी किए हैं।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी को पेश होने के लिए नोटिस दिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को सक्रिय किया है। यदि कोई व्यक्ति इस गाने से संबंधित वीडियो या रील साझा करता है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बादशाह का गाना अब तक यूट्यूब से हटा दिया गया है, लेकिन अन्य प्लेटफॉर्म से भी इसे हटवाने की कार्रवाई जारी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
Read more:- Dhurandhar 2 का ट्रेलर रिलीज, रणवीर सिंह की एक्शन फिल्म जल्द मचाएगी तहलका

