राजकीय शिक्षक संघ के आह्वान टिहरी में शिक्षकों का जोरदार प्रदर्शन
राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर बुधवार को टिहरी जिले के 9 विकासखंडों से पहुंचे सैकड़ों शिक्षकों ने नरेंद्रनगर स्थित मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती को निरस्त करने, योग्यता के आधार पर एलटी पदों से प्रवक्ता, प्रधानाध्यापक हाई स्कूल और प्रधानाचार्य के पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की मांग रखी। इसके अलावा उन्होंने स्थानांतरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। संगठन के जिला अध्यक्ष दिलबर सिंह रावत और पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2018 से पदोन्नति के पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन कई दौर की वार्ताओं के बावजूद सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
पदोन्नति बहाली और पारदर्शी स्थानांतरण की उठी मांग
शिक्षक संगठनों ने चेतावनी दी है कि पदोन्नति लंबे समय से अटकी होने के कारण अध्यापक 30 से 35 वर्षों तक एक ही पद पर कार्य करते हुए सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इससे न केवल शिक्षकों का मनोबल प्रभावित हो रहा है बल्कि विद्यालयों में रिक्त पदों के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है और शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार गिरावट आ रही है। शिक्षक नेताओं का कहना है कि यदि सरकार ने टिहरी में हुए इस प्रदर्शन के बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की, तो आगामी 1 सितंबर से प्रदेशभर के राजकीय शिक्षक शिक्षा निदेशालय, देहरादून में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

