देहरादून स्वतंत्रता दिवस: परेड ग्राउंड के चारों ओर रहेगा जीरो-जोन,
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अब पूरी हो चुकी हैं। जिला प्रशासन ने परेड ग्राउंड में सुरक्षा और व्यवस्थाओं का अंतिम निरीक्षण कर लिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ध्वजारोहण कर तिरंगा फहराएंगे और राज्यवासियों को संदेश देंगे। यातायात व्यवस्था के तहत परेड ग्राउंड के चारों ओर 5 अगस्त को पूर्ण रूप से जीरो-जोन लागू रहेगा। आम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित होगा, जबकि केवल VIP और पासधारकों के वाहनों के लिए विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आम नागरिकों को निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा कर पैदल समारोह स्थल तक पहुंचना होगा। जिलाधिकारी ने बताया कि सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि स्वतंत्रता दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।
परेड ग्राउंड के चारों ओर रहेगा जीरो-जोन
स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अवसर पर गुरुवार को जिलाधिकारी सविन बंसल ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, गणमान्य नागरिकों एवं आम जनता के लिए बैठने, सुरक्षा, यातायात संचालन, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, स्वागत-सत्कार और अन्य प्रबंधों को पुख्ता करने के निर्देश दिए। पुलिस ने यातायात प्लान जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि परेड ग्राउंड के चारों ओर पूर्ण रूप से जीरो-जोन लागू रहेगा। इस दौरान किसी भी वाहन, ठेली या रेहड़ी का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आम जनता के वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था की जाएगी और वहां से पैदल प्रवेश की अनुमति होगी।
राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रातः 10 बजे ध्वजारोहण करेंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। प्रशासन का कहना है कि सभी तैयारियां सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम गरिमामय और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।
ऐसा रहेगा यातायात प्लान
- परेड ग्राउंड के चारों ओर रहेगा जीरो-जोन — इस दौरान किसी भी वाहन, ठेली या रेहड़ी का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- वीआईपी एवं अधिकारी प्रवेश — वीआईपी और अधिकारी ईसी रोड, सर्वे चौक से रोजगार तिराहा होते हुए कांवेंट तिराहे की ओर जाएंगे और दाहिनी ओर वीवीआईपी द्वार (मुख्य गेट नंबर-1) से प्रवेश करेंगे।
सामान्य नागरिक एवं प्रतिभागी — परेड प्रतिभागी (आर्मी, पैरामिलिट्री, पुलिस, होमगार्ड), प्रेस प्रतिनिधि और आम नागरिक अपने वाहन कांवेंट तिराहा से लैंसडोन चौक के दोनों ओर, मंगला देवी इंटर कॉलेज एवं आईआरडीटीए ऑडिटोरियम (निकट सर्वे चौक) में पार्क करेंगे। वहां से पैदल परेड ग्राउंड के सामान्य प्रवेश द्वार (गेट नंबर 4 और 5) से कार्यक्रम स्थल में पहुंचेंगे।
प्रशासन का कहना है कि यह ट्रैफिक प्लान सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है, ताकि कार्यक्रम सुचारू, गरिमापूर्ण और बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
यहां रहेगी पार्किंग व्यवस्था
स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान परेड ग्राउंड के चारों ओर सुरक्षा के लिहाज से जीरो-जोन रहेगा। इसी तहत जिला प्रशासन ने पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए हैं, ताकि वीआईपी, अधिकारी व आम नागरिकों को सुविधा हो और यातायात सुचारु बना रहे।
- वीआईपी व अधिकारियों के वाहन: इनके वाहनों की पार्किंग मंच के पीछे रैंप एवं खाली मैदान में रहेगी।
- परेड के प्रतिभागी, आर्मी, पैरामिलिट्री, पुलिस, होमगार्ड एवं प्रेस, बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे: इनके वाहन कांवेंट तिराहा से लैंसीडोन चौक के दोनों ओर, मंगला देवी इंटर कॉलेज, और दून क्लब (निकट सर्वे चौक) में पार्क किए जाएंगे। धर्मपुर, दर्शनलाल चौक, दून चौक से आने वाले वाहन भी दून क्लब व आइआरडीटीए पार्किंग में खड़े होंगे।
- सर्वे चौक की ओर से आने वाले वाहन: यह वाहन मंगला देवी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पार्क होंगे।
- राजपुर रोड से आने वाले वाहन (प्रतिभागी व दर्शक):सेंट जोसेफ सुभाष रोड पर दीवार के किनारे एक तरफ तथा लार्ड वेंकटेश वेडिंग प्वाइंट के अंदर पार्किंग की व्यवस्था है।
प्रशासन ने सभी से अपील की है कि पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन पार्क करें और पैदल चलकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जिससे यातायात व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने में मदद मिले
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

