संविधान बचाओ रैली को लेकर भाजपा में हलचल
देहरादून में 30 अप्रैल को आयोजित होने जा रही “संविधान बचाओ रैली” को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस रैली को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में हलचल दिखाई दे रही है। इसी सिलसिले में सोमवार को रुड़की के एक होटल में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। सांसद बंसल ने कहा कि कांग्रेस द्वारा आयोजित “संविधान बचाओ रैली” उत्तराखंड की जनता को महज भ्रमित करने का एक प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के दौरान खुद संविधान के साथ खिलवाड़ किया है और अब वही पार्टी संविधान की रक्षा की दुहाई दे रही है।गौरतलब है कि कांग्रेस ने देहरादून में 30 अप्रैल को “संविधान बचाओ रैली” का आयोजन किया है, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे और देशभर में कथित लोकतंत्र पर हो रहे हमलों के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।
अजय टम्टा ने किया घेराव
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ यात्रा’ पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास खुद संविधान के साथ खिलवाड़ करने का रहा है।मंत्री अजय टम्टा ने आरोप लगाया कि पंडित नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के शासनकाल में संविधान का बार-बार दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि उस दौर में सिर्फ गांधी परिवार को विशेष दर्जा देने के लिए कानून बनाए गए और संस्थाओं को कमजोर किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि आज भी कांग्रेस पार्टी बिना कारण राष्ट्रपति, न्यायपालिका और सेना जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर हमले कर रही है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अजय टम्टा ने कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि को धूमिल करने का कार्य कर रहे हैं।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

