उत्तराखंड मे मानसून ने हिलाया रसोई घर का बजट
उत्तराखंड में मानसून ने आमजन का जीना मुहाल करके रखा है, एक ओर लगातार हो रही भारी बारिशों से जन-जीवन अस्त-व्यस्त है लिहाजा इस समय प्रदेश में आवागमन करना भी मुश्किल है। तो वहीं, दूसरी ओर अब आम-आदमी घर पर चैन की रोटी भी नहीं खा पा रहा है, क्योंकि मानसून के शुरु होनें के बाद अब भाजी-तरकारियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। उत्तराखंड में सब्जियों के लगातार बढ़ रहे दाम ने आम-आदमी की रसोई घर का बजट हिला कर रख दिया है। आपको बता दें कि उत्तराखंड में बीते सप्ताह से ही सब्जियों के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है, जो मौसमी सब्जियां पहले 20 से 30 रुपए किलो बिक रही थीं, वे भी अब 50-60 रुपये से कम में नहीं मिल रही हैं। बात करी जाए टमाटर की तो कुछ दिन पूर्व तीस रुपये किलो बिकने वाला टमाटर भी सीधा 80 रुपये पहुंच गया है। ऐसी सूरत में सबसे अधिक परेशानी का सामना गरीब परिवारों को करना पड़ रहा है, इन बढ़ते हुए सब्जी के दामों में आम-आदमी कैसै सुकून की रोटी खा सकेगा यह एक सोचनीय विषय है।
लगातार बढ़ रहे सब्जियों के दाम
वहीं सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि कोटद्वार, देहरादून जैसे शहरों में अधिकतर सब्जियां उत्तर प्रदेश सहित अन्य मैदानी इलाकों से आती हैं, वहीं मानसून के कारण फसलें खेतों में ही खराब हो जाती हैं, लिहाजा थोक मंडियों में सब्जियों की कमी होने से दाम बढ़ जाते है। यही कारण भी है कि मैदानी क्षेत्रों में हो रही वर्षा ने शहर में सब्जियों के दाम बढ़ा दिए हैं। साथ ही यह भी माना जा रहा है कि मानसून सत्र में सब्जियों के दाम और भी अधिक ऊपर जाने की संभावना है, वहीं सब्जियों के दाम में लगातार हो रही बढ़ौतरी के कारण लोग भी कम मात्रा में ही सब्जियां खरीद रहे हैं।
यह है सब्जियों के ताजे दाम
बीते सप्ताह पहले सब्जियों के दाम कम थे लेकिन उसके बाद अचानक से मंडी में सब्जियों के दामों में उछाल आ गया और सारी सब्जियां अपने पुराने दामों से अधिक मंहगी बिकने लगी। जैसे एक सप्ताह पूर्व टमाटर 30 रुपये किलो बिक रहा था जबकि दामों में उछाल आने के कारण वह भी सीधे 80 रूपये किलो में बिक रहा है, वहीं फूलगोभी का सप्ताह पहले दाम 60 रुपये था लेकिन अब 80 से 100 रुपये के बीच में बेची जा रही है। इसी प्रकार शिमलामिर्च के भी पुराने दाम 70 रुपये किलो थे लेकिन बढ़ोत्तरी होने के बाद अब वह भी 100 रुपये किलों मिल रही है। इसी प्रकार बींस भी पहले 60 तो अब 80 रुपये किलो, आलू पूर्व में 30 तो अब 40 रुपये किलो और लौकी पूर्व में 20 और अब 30 रुपये किलो बिक रही है।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

