जिलाधिकारी ने खतरनाक चट्टानों व प्रभावित इलाकों का किया निरीक्षण
उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली क्षेत्र में आपदा से प्रभावित इलाकों का मंगलवार को जिलाधिकारी संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने राडीबगड़, कोटडीप और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आस-पास उत्पन्न हुई दरारों और भूस्खलन स्थलों का जायजा लिया। डीएम ने स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि इसके निस्तारण हेतु सिंचाई विभाग, भूवैज्ञानिक और पीएमजीएसवाई व लोक निर्माण विभाग की तकनीकी टीम को संयुक्त सर्वे कर वास्तविक स्थिति का आकलन करना होगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थराली–डूंगरी सड़क की दरारों और आपदा से क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण कर तहसील प्रशासन को नुकसान का विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने पानी और बिजली संकट की समस्या रखी, जिस पर डीएम ने नगर पंचायत और जल संस्थान को तत्काल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। इस बीच प्रशासन ने लोगों को राहत केंद्रों और सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने की अपील की है।
लोगों से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने की अपील
उत्तराखंड के थराली क्षेत्र में आपदा प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने ऊपर पहाड़ी पर लटके बड़े-बड़े चट्टानों और पत्थरों की स्थिति का अवलोकन किया, जिनके गिरने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने नीचे रह रहे स्थानीय लोगों से अपील की कि वे तुरंत सुरक्षित स्थानों अथवा राहत केंद्रों की ओर शिफ्ट हो जाएं। साथ ही उन्होंने पुलिस-प्रशासन को निर्देश दिए कि बारिश होने पर मौके पर बैरिकेडिंग कर यातायात तत्काल रोका जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल का भ्रमण कर चिकित्सकों को पूरी सक्रियता और तत्परता से उपचार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आपदा की स्थिति में प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, मुख्य चिकित्साधिकारी अभिषेक गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

