PM MODI— बिहार में चुनावी सरगर्मी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पूर्णिया के दौरे पर हैं, जहाँ उन्होंने राज्य को हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
यह दौरा न केवल विकास के लिहाज़ से, बल्कि राजनीतिक दृष्टिकोण से भी काफी अहम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन किया, जो अब सीमांचल क्षेत्र को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।
नए एयरपोर्ट के शुरू होने से न सिर्फ लोगों को बेहतर हवाई सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार और पर्यटन को भी मजबूती मिलेगी।
6580 करोड़ की रेल परियोजनाएं और वंदे भारत ट्रेन की सौगात
पीएम मोदी ने लगभग 6580 करोड़ की रेल परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसके तहत आधुनिक सुविधाओं और नई रेल लाइनों का विस्तार होगा।
साथ ही, उन्होंने जोगबनी-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे सीमांचल और राजधानी पटना के बीच तेज़, आरामदायक और सुरक्षित सफर की शुरुआत हुई।
45 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास
प्रधानमंत्री ने 45,000 करोड़ से अधिक की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया, जिनमें बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और कृषि से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
जिसके बाद पीएम मोदी ने पूर्णिया के गुलाबबाग क्षेत्र स्थित एसएसबी कैंप शीशाबाड़ी में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। इस सभा में लगभग पांच लाख लोगों के जुटने की व्यवस्था की गई थी।
चुनावी रणभूमि में सीमांचल की रणनीति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा सिर्फ विकास योजनाओं की घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका स्पष्ट राजनीतिक संदेश भी है। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह दौरा कई मायनों में रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
वंदे भारत एक्सप्रेस, एयरपोर्ट, और हजारों करोड़ की परियोजनाओं की घोषणाएं न केवल विकास का वादा हैं, बल्कि यह भावनात्मक जुड़ाव और विश्वास निर्माण की कवायद भी है.
यह भी पढ़ें : Supreme Court : वक्फ बोर्ड में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा बदलाव, गैर-मुस्लिमों को मिली नई छूट.

