उत्तराखंड के चार जिलों में भारी बारिश के आसार
उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय रहने के बाद भी भारी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के ताज़ा अपडेट के मुताबिक पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में अगले दो से तीन दिनों तक तेज बारिश होने के आसार हैं। सितंबर के 16 तारीख तक प्रदेश में सामान्य औसत से 25% अधिक बारिश हो चुकी है। बागेश्वर में इस बार सामान्य से लगभग साढ़े तीन गुना अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जो प्रदेश में सबसे अधिक है। इसके अलावा अल्मोड़ा, चमोली, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों में भी सामान्य से अधिक बारिश हुई है। मानसून की अधिकतम अवधि बीत चुकी है, लेकिन कई इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ की चुनौतियां बनी हुई हैं।
पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में बारिश जारी
पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत और रुद्रप्रयाग जिलों में सामान्य या सामान्य से मामूली कम वर्षा हुई है, जबकि पौड़ी में सामान्य से 28 प्रतिशत कम बारिश ने स्थिति को चिंताजनक बना दिया है। मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर तक पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में कई जगह हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जिसमें कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर भी रह सकते हैं। पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध आदि कैलास धाम के लिए यात्रा का दूसरा चरण प्रारंभ हो रहा है, जहां बारिश और भूस्खलन से रास्ते बंद होने की संभावना बनी रहती है। 20 सितंबर से बारिश में कमी आने की उम्मीद है, जिससे जनजीवन में सुधार होगा।
डीएम मनीष कुमार ने स्वाला हाईवे का रात्रि में किया निरीक्षण
चम्पावत जिले के स्वाला क्षेत्र में अक्सर बाधित होने वाले हाईवे की स्थिति देखने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार सोमवार रात मौके पर पहुंचे। उन्होंने मार्ग चौड़ीकरण कार्य की प्रगति जानने के साथ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि यातायात को निरंतर सुचारू बनाए रखने के लिए कार्य की गति और संसाधनों को बढ़ाया जाए तथा गुणवत्ता और मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जाए। रात्रिकालीन समय में भी बिना बाधा के कार्य जारी रखने को कहा गया। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि व्यापारियों और यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो और आम जनता को निर्बाध और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार बृजवाल भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें-उत्तराखंड में आफत की बारिश जारी: 4 जिलों में येलो अलर्ट, 21 सितंबर तक तेज बारिश का दौर
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

