Chhath Puja 2025: सूर्य देव की उपासना का पवित्र पर्व छठ इस वर्ष दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पहले से कहीं अधिक भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। विशेष रूप से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में इस त्योहार की तैयारियां बड़े उत्साह के साथ चल रही हैं। घाटों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जबकि गंगाजल से स्नान स्थलों को पवित्र किया जा रहा है। चारों ओर छठ गीतों की मधुर धुनें गूंज रही हैं, जो इस त्योहार की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाती हैं।
सुरक्षा और सुविधा का विशेष प्रबंध
नोएडा प्राधिकरण और पूजा समितियों ने मिलकर घाटों की सुरक्षा, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की बेहतरीन व्यवस्था की है। पुलिस की करीब 500 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। यमुना के किनारे घाटों पर गोताखोर और मेडिकल सहायता की भी व्यवस्था है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। खासतौर पर महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग से घाट बनाए गए हैं, जिससे उन्हें सुरक्षा और सुविधा दोनों मिल सके।

प्रमुख घाट जहां होगा अर्घ्य
नोएडा स्टेडियम घाट (सेक्टर 21ए), झूमर मोड़ घाट (सेक्टर 43), जी-ब्लॉक पार्क (सेक्टर 56), छठ पूजा पार्क (नॉलेज पार्क II, ग्रेटर नोएडा), सरोवर पार्क (सेक्टर 62) और वाटर टैंक पार्क (सेक्टर 50) मुख्य घाट हैं, जहां श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे।
Read more:- Chhath Puja School Holiday 2025: छठ पर्व पर इन राज्यों में स्कूलों की छुट्टी, आपके स्कूल का क्या शेड्यूल है?

