Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बैडमिंटन खेलते समय एक कारोबारी की अचानक मौत हो गई। इसका पूरा वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना तब हुई जब वे रोजाना की तरह ओपन ग्राउंड में दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेल रहे थे।
खेलते-खेलते अचानक गिरे जमीन पर
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ईदगाह भाठा निवासी अमृत बजाज के रूप में हुई है, जो पेशे से हार्डवेयर कारोबारी थे। यह घटना 16 फरवरी की बताई जा रही है, जब वे डीडी नगर स्थित सोनकर बाड़ी के बैडमिंटन कोर्ट में अपने दोस्तों के साथ खेल रहे थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि वे पूरी स्फूर्ति के साथ खेल रहे थे, लेकिन एक शॉट मारने के बाद जैसे ही वे शटल उठाने के लिए नीचे झुके, अचानक दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर गए।
साथियों ने की बचाने की कोशिश
अमृत बजाज को गिरते देख उनके साथी तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्होंने पानी के छींटे मारे, सीपीआर (CPR) दिया और तौलिये से हवा भी की, लेकिन उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। आनन-फानन में उन्हें रायपुरा स्थित जगन्नाथ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, मौत की वजह ‘कार्डियक अरेस्ट’ बताई जा रही है।
शुगर के मरीज थे
परिजनों ने बताया कि अमृत बजाज शुगर के मरीज थे, लेकिन वे अपनी सेहत का काफी ख्याल रखते थे। वे कोरोना काल के बाद से ही हर सुबह दोस्तों के साथ एक्सरसाइज और बैडमिंटन खेलने जाया करते थे। 16 फरवरी को ही उनका अंतिम संस्कार मरवाड़ी मुक्तिधाम में किया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि कार्डियक अरेस्ट में व्यक्ति को संभलने का मौका नहीं मिलता और कुछ ही पलों में सांसें थम जाती हैं।
Read more:- Maharashtra News: परिवार के सामने से युवती को उठा ले गए बदमाश, विरोध में पुणे-सोलापुर हाईवे जाम

