Gurugram Accident: हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक निर्माणाधीन सोसाइटी की दीवार अचानक गिर गई, जिससे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई मजदूर घायल हो गए हैं। यह हादसा सिधरावली में स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी में हुआ। घटना के समय वहां 12 से 15 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक दीवार गिरने से मजदूर मलबे में दब गए।
कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा सोमवार रात करीब 8 बजे हुआ, जब सोसाइटी के अंदर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि जमीन से करीब 30-40 फीट नीचे बेसमेंट में काम जारी था, तभी मिट्टी की एक विशाल दीवार गिर गई। हादसे के वक्त वहां 12 से 15 मजदूर मौजूद थे, जो मलबे के नीचे दब गए।
7 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। रात के अंधेरे और भारी मलबे के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। रेस्क्यू ऑपरेशन रात करीब 3:30 बजे तक चला। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला गया और पास के भिवाड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 7 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं घायल मजदूरों की पहचान छोटेलाल, दीनदयाल, शिवकांत और इंद्रजीत के रूप में हुई है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी गुस्सा है। आरोप है कि बिल्डर ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की और हादसे के बाद सोसाइटी के गेट पर बाउंसर खड़े कर दिए, जिससे परिजनों को अंदर जाने से रोका गया। सिधरावली गांव के सरपंच के मुताबिक, इतनी गहराई में काम होने के बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे।
Read more:- Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में फर्जी वीजा गैंग का पर्दाफाश! गौर सिटी मॉल में खुला था ठगी का ऑफिस

