Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। त्रिपुरा से बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने आई 19 साल की एक छात्रा के साथ उसके ही लिव-इन पार्टनर ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने उसे तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा और न केवल शारीरिक शोषण किया, बल्कि उसे ऐसी बर्बर यातनाएं दीं जिसे सुनकर रूह कांप जाए।
कैसे शुरू हुई कहानी?
पीड़िता और आरोपी शिवम (19 वर्ष) की मुलाकात सितंबर 2025 में एक ऑनलाइन ऐप के जरिए हुई थी। शिवम दिल्ली के नरेला का रहने वाला है। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों गुरुग्राम के सेक्टर-69 स्थित एक पीजी में लिव-इन में शिफ्ट हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक छात्रा के कैरेक्टर पर शक करने लगा था, जिसके कारण उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
मां को बांग्ला में सुनाई आपबीती
घटना का खुलासा तब हुआ जब 18 फरवरी की रात पीड़िता ने मौका पाकर अपनी मां को फोन किया। पीड़िता की मां त्रिपुरा में पुलिस अधिकारी हैं। आरोपी को बांग्ला भाषा नहीं आती थी, इसलिए छात्रा ने अपनी स्थानीय भाषा में मां को सब कुछ बता दिया। उसने कांपती आवाज में कहा- ‘मां, मेरे पास समय नहीं है, वह मुझे मार डालेगा।’
छात्रा ने बताया कि उसे तीन दिनों से बंधक बनाकर रखा गया है। मां ने तुरंत गुरुग्राम पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने पीजी पर छापा मारकर छात्रा को वहां से छुड़वाया।
अमानवीय यातनाएं और गंभीर हालत
पुलिस जांच और पीड़िता की मां के बयानों से सामने आया है कि आरोपी शिवम ने छात्रा को तीन दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखा। उसके साथ किसी हैवान की तरह बर्ताव किया। आरोपी ने पीड़िता के शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से हमला किया और उसके सिर को दीवार पर पटकने के साथ-साथ स्टील की भारी बोतल से हमला किया। दरिंदगी की हद तब पार हो गई जब आरोपी ने छात्रा के प्राइवेट पार्ट पर सैनिटाइजर डालकर लाइटर से आग लगा दी। इतना ही नहीं, पीड़िता का आरोप है कि उसे जबरन यूरिन पीने के लिए मजबूर किया गया और उसके न्यूड वीडियो रिकॉर्ड कर उसके साथ मारपीट की।
वर्तमान में छात्रा की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। शरीर पर गहरे जख्मों, गंभीर अंदरूनी चोटों और बुरी तरह निशान थे। जिसके बाद छात्रा को गुरुग्राम से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के आईसीयू (ICU) में शिफ्ट किया गया है।
बता दें कि पुलिस ने आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं पीड़िता की मां ने न्याय की मांग की है और प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग की है।
Read more- Karnataka में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए Social Media पर बैन की तैयारी

