Mathura Road Accident: मथुरा जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार नहर में जा गिरी, जिससे चार युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतकों में तीन युवक एक ही परिवार के थे। हादसा रात करीब 7 बजे के बाद हुआ। जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगा था और न ही स्पीड ब्रेकर था। इसी कारण चालक को आगे नहर होने का अंदाजा नहीं लग सका और तेज रफ्तार कार सीधे पानी में समा गई।
कड़ी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक कार सवार चार लोगों की जान जा चुकी थी।
सगाई समारोह में जा रहे थे युवक
मृतकों की पहचान राहुल वर्मा (23), अमित (23), मोहित (22) और एक अन्य युवक के रूप में हुई है। राहुल महावन के बलदेवगढ़ मोहल्ले के निवासी थे और सिलाई का काम करते थे। अमित प्रेमनगर कला, महावन के रहने वाले थे और छात्र थे। मोहित भी बलदेवगढ़, महावन के निवासी थे और लॉ के छात्र थे।
बताया जा रहा है कि सभी युवक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। नगला देविया के पास तीखे मोड़ पर कार अचानक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। पास में स्थित एक शराब दुकान के सेल्समैन और मकान के कुछ लोगों ने हादसे को देख शोर मचाया। ड्रेन में पानी का बहाव अधिक था। सेल्समैन ने कूदने की कोशिश की, लेकिन बहाव में वह खड़ा नहीं हो सका। इसके बाद वह बाहर आ गया। करीब आधे घंटे में ग्रामीण रस्सी लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस और करीब पौन घंटे की मशक्कत में ग्रामीणों ने कार से चारों को बाहर निकाल लिया। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read more:- Mathura News: एक ही परिवार के 5 सदस्यों ने दी जान, दीवार पर लिखा आखिरी संदेश

