उत्तराखंड में मौसम की तपती मार
उत्तराखंड के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है, दिन में चिलचिलाती धूप ने लोगों के गले सूखा दिए हैं लिहाजा राज्य के मैदानी क्षेत्र गर्म भट्टी की तरह तप रहे हैं। इन दिनों उत्तराखंड के मैदानी इलाकों की तपिस पहाड़ी क्षेत्रों में भी साफ देखी जा सकती है। संपूर्ण उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक पारा चढ़ा हुआ है, वहीं उत्तराखंड के अधिकतर मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। जबकि प्रदेश में न्यूनतम तापमान को सामान्य से भी कम दर्ज किया गया है।
तापमान में भी लगातार वृद्धि
उत्तराखंड में इन दिनों मौसम में शुष्कता है, यही कारण भी है कि बीते कुछ दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान भी इन दिनों सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है, वहीं राजधानी के आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद गर्म हवाओं के चलने का सिलसिला शुरु हो जाता है और कहीं-कहीं तो यह हवाएं धूलभरी होकर राहगीरों को परेशान भी कर रही हैं। वहीं उत्तराखंड के अधिकतर क्षेत्रों में अधिकतम में वृद्धि हो रही है और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर बढ़ता जा रहा है।
जानिए मौसम का पूर्वानुमान
उत्तराखंड के मौसम को लेकर राजधानी देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल उत्तराखंड के मौसम में शुष्कता बने रहे के आसार हैं, वहीं देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में आज आसमान साफ बना रहेगा और पारे में इजाफा हो सकता है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडराने और हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं, वहीं अगले कुछ दिन उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम में शुष्कता तो बनी ही रहेगी तो वहीं पारे में भी वृद्धि होनें के कड़े आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडराने के साथ ही हल्की वर्षा हो सकती है। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिली रह सकती है।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

