उत्तराखंड के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में बादलों की आवाजाही लगातार जारी है। वहीं बीती रात ज्यादातर क्षेत्रों में हुई झमाझम वर्षा के बाद गुरुवार सुबह मौसम सुहावना रहा, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में धूप खिलने से तपिश बढ़ गई। गुरुवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही मौसम शुष्क बना रहा और दिनभर तेज धूप खिली। लिहाजा तपिश ने लोगों के काफी पसीने छुड़वाए। हालांकि, शाम को दून के आसपास आंशिक बादल मंडराने लगे। इसके अलावा चारधाम समेत आसपास के क्षेत्रों में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त कुमाऊं के भी कई पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की सूचना है। इसके अलावा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पारे में गिरावट भी दर्ज की गई है। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
जानिए मौसम का पूर्वानुमान
राजधानी देहरादून स्थिति मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम अपने मिजाज में बदलाव ही रखेगा। वहीं दो जिलों नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। इसके अतिरिक्त उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर में आकाशीय बिजली चमकने, तेज बारिश के साथ अंधड़ चलने को लेकर भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी में भी आंशिक बादल छाने और हल्की बौछार के आसार हैं। वहीं उत्तराखंड में संचालित चारधाम व यात्रा मार्ग पर भी हल्की से मध्यम वर्षा व गर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग की ओर से शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा और आकाशीय बिजली चमकने के साथ अंधड़ की चेतावनी दी गई है। जबकि, नैनीताल-पिथौरागढ़ में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

