उत्तराखंड में मानसूनी कहर जारी
उत्तराखंड में लगातार भारी बारिश के दौर जारी हैं, मानसून अपने चरम पर है लिहाजा प्रदेश के सभी जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आपदाओं का सबब बन रही है, यही कारण भी है कि भारी बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की समस्याएं बढ़ रही हैं और मैदानी क्षेत्रों में लोग जलभराव से परेशान हो रहे हैं। वहीं, उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर पिछले अंक में HNN24X7 ने गौरीकुण्ड से सोनप्रयाग के मध्य मार्ग बाधित की खबर प्रकाशित करी थी, लिहाजा केदारनाथ यात्रा मार्ग को पूर्णत: बंद किया जा चुका है। इसके इतर, राजधानी देहरादून में बीते बुधवार की शाम के बाद से ही शहर के अधिकतर क्षेत्रों के सर पर बादल मंडराने लगे और भारी बारिश का दौर शुरु हुआ। शहर में तकरीबन सवा घंटा बादल बरसने से आसपास के नदी-नाले उफान पर आ गए और शहरके अधिकतर चौक पानी में डूब गए।
मौसम का पूर्वानुमान
वहीं मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज गुरुवार 31 जुलाई को उत्तराखंड के 4 देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और चंपावत जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है, वहीं प्रदेश के बाकी जिलों में गर्जन के साथ तीव्र दौर की बारिश होने के आसार हैं। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तराखंड के सभी जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजधानी देहरादून में आज बादलों छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। आज देहरादून का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में लगातार चेतावनियाँ जारी की जा रही हैं, इन चेतावनियों को गंभीरता से लेना आवश्यक है। प्रशासन स्थानीय जनता और पर्यटकों से बार-बार अपील कर रहा है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

