उत्तराखंड श्रीनगर-बुघाणी-खिर्सू मोटरमार्ग पर भू-धसाव
उत्तराखंड के श्रीनगर-बुघाणी-खिर्सू मोटरमार्ग पर खोला के पास लगातार हो रही बारिश के कारण भू-धसाव शुरू हो गया है, जिससे सड़क का लगभग 50 मीटर हिस्सा धंस चुका है। स्थानीय लोगों ने चेताया है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो यह मार्ग बड़े खतरे में बदल सकता है और आवागमन बाधित हो सकता है। वैज्ञानिकों का कहना है कि अनियोजित विकास कार्य और सड़क किनारे जल निकासी व्यवस्था की कमी इस तरह के भूस्खलन और भूधसाव के लिए जिम्मेदार हैं। उधर, लोनिवि अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण करते हुए जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने की बात कही है।
जल निकासी की कमी से बढ़ रहा भूस्खलन का खतरा
गढ़वाल विश्वविद्यालय के वरिष्ठ भूगर्भ वैज्ञानिक प्रो. महेंद्र प्रताप सिंह बिष्ट ने चेतावनी दी है कि श्रीनगर क्षेत्र में पहाड़ी ढलानों पर अनियोजित विकास, अतिक्रमण और जल निकासी प्रबंधन की कमी भूस्खलन की गंभीर वजह बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नालों से अतिक्रमण नहीं हटाया गया और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो श्रीनगर के लिए आने वाला समय बड़ी आपदा का कारण बन सकता है। वहीं लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिशासी अभियंता किशोर कुमार ने बताया कि भूधसाव वाले हिस्से का निरीक्षण कर लिया गया है और मार्ग की सुरक्षा के लिए इंस्टीमेंट तैयार किया जा रहा है। विभाग सड़क किनारे नालियां बनाने का काम कर रहा है ताकि भविष्य में भूस्खलन और भूकटाव जैसी स्थिति को रोका जा सके।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

