नेपाल में बिगड़ते हालात पर चंपावत पुलिस अलर्ट
पड़ोसी देश नेपाल के कंचनपुर जिले में उपजे तनावपूर्ण हालात और लगातार बढ़ रही आगजनी, तोड़फोड़ व पथराव की घटनाओं को देखते हुए उत्तराखंड के सीमावर्ती जिले चंपावत में पुलिस और एसएसबी ने सुरक्षा और चौकसी को और अधिक मजबूत कर दिया है। एसपी चंपावत अजय गणपति के निर्देश पर टनकपुर, बनबसा और पंचेश्वर जैसे संवेदनशील सीमाई इलाकों में गश्त, कॉम्बिंग और चेकिंग अभियान तेज कर दिए गए हैं। शारदा (काली) नदी किनारे और अन्य मुख्य मार्गों पर भी संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है और खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। भारत-नेपाल सीमा से लगे नेपाल के कंचनपुर जिले के महेंद्रनगर में उपद्रव की स्थितियों के मद्देनज़र स्थानीय प्रशासन ने निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके तहत जिले में प्रवेश या निकास पर रोक लगाई गई है तथा सभा, जुलूस, प्रदर्शन या किसी भी प्रकार की भीड़भाड़ पर सख्त पाबंदी है। नेपाल प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति पांच से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर सुरक्षाकर्मी कानून के तहत कार्रवाई करेंगे। वहीं भारतीय नागरिकों से नेपाल यात्रा स्थगित करने की अपील की गई है और नेपाल में मौजूद भारतीयों को अपने निश्चित निवास स्थानों पर ही रुकने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही नेपाल प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत संपर्क किया जा सके।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

