उत्तराखंड में मौसम की मार
उत्तराखंड में मॉनसून का असर लगातार बरकरार है और आज, 12 सितंबर 2025 को राज्य के 8 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक देहरादून समेत कई जिलों में झमाझम बारिश होने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इस साल उत्तराखंड में मॉनसून सामान्य से अधिक सक्रिय रहा है और लगातार औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की जा रही है। आईएमडी के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 3 सितंबर 2025 तक देशभर में सामान्य से 8% अधिक वर्षा हुई है। वहीं, उत्तराखंड में पिछले हफ्ते 187.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 64.7 मिमी की तुलना में काफी ज्यादा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज भारी बारिश से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। साथ ही, आने वाले दिनों में भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
जानिए मौसम का पूर्वानुमान
उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। खास तौर पर देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में अगले घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की राज्य स्तरीय भविष्यवाणी के अनुसार इन इलाकों में तूफानी बारिश भी देखने को मिल सकती है, जिससे नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ने और पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों और पहाड़ी मार्गों की ओर जाने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश से जनजीवन पहले से ही प्रभावित है और आने वाले दिनों में मौसम की यह चुनौतियां और बढ़ सकती हैं।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

