उत्तराखंड में मानसून विदाई से पहले भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में इस समय मानसून विदाई से पहले एक बार फिर जोर पकड़ चुका है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 15 सितंबर से देश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो सकती है, जिसकी शुरुआत राजस्थान के तटवर्ती क्षेत्रों से होगी। आमतौर पर राजस्थान से मानसून लौटने के 15 से 20 दिन के भीतर उत्तराखंड में भी इसकी विदाई हो जाती है। हालांकि, मौजूदा समय में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा देखी जा रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। शुक्रवार को भी पूरे प्रदेश में बादलों का डेरा रहा और बीच-बीच में तीव्र बौछारों ने जनजीवन को प्रभावित किया। पहाड़ों से मैदानों तक बारिश का यह सिलसिला जारी है, जिससे मौसम खुशनुमा लेकिन जनजीवन पर असर डालने वाला हो गया है।
जानिए मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने शनिवार को उत्तराखंड के कई जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार, आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं तेज से बहुत तेज वर्षा होने के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है, जिसके चलते इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में भी वर्षा के तीव्र दौर, गर्जन एवं बादलों की तेज गर्जना के बीच बिजली चमकने की आशंका जताई गई है, जिसके चलते मौसम विभाग ने इन स्थानों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है, क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में तीव्र बारिश से भूस्खलन और रास्ते बंद होने जैसी दिक्कतें पैदा हो सकती हैं।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

