उत्तराखंड में बढ़ी उमस और चिलचिलाती गर्मी
मानसून कमजोर पड़ते ही उत्तराखंड में उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। पिछले तीन दिनों से राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है, जबकि न्यूनतम तापमान भी औसत से तीन डिग्री ऊपर रहा। मंगलवार को सुबह से आसमान साफ रहने के कारण दिन चढ़ते-चढ़ते धूप तेज हो गई और उमसभरी गर्मी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। बारिश थमने के बाद अब गर्मी जैसे दोबारा परीक्षा ले रही हो। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, हिमाचल और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से अगले एक दिन में मानसून की विदाई शुरू हो सकती है, जिसके बाद उत्तराखंड से भी धीरे-धीरे मानसून लौटने की संभावना है।
जानिए मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तराखंड में आने वाले दिनों में ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। हालांकि, आज देहरादून समेत सात जिलों नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, शेष जिलों में धूप तेज रहने की संभावना है, जिससे गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

