Delhi news: राजधानी दिल्ली में गर्मी की दस्तक के साथ ही वाहनों में आग लगने की घटनाएं शुरू हो गई हैं। गुरुवार दोपहर दक्षिण दिल्ली के मेहरौली-बदरपुर (MB) रोड पर दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की एक इलेक्ट्रिक बस में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कैसे हुआ हादसा?
यह बस रूट नंबर 544 पर आरके पुरम से बदरपुर बॉर्डर की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 12:57 बजे जब बस संगम विहार के बत्रा हॉस्पिटल बस स्टैंड के पास पहुंची, तो उसमें से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं देखते ही बस चालक ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया।
देखते ही देखते बन गई आग का गोला
बस रुकते ही चालक और कंडक्टर ने सभी यात्रियों को तुरंत नीचे उतारा। यात्रियों के उतरते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट हो सकता है कारण
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, दमकल विभाग और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है।
यातायात पर पड़ा असर
हादसे के कारण मेहरौली-बदरपुर रोड पर काफी लंबा जाम लग गया था। बाद में ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और क्रेन की मदद से बस को रास्ते से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
Read more:- युद्ध के बीच फिर ‘मसीहा’ बने Sonu Sood, दुबई में फंसे भारतीयों के लिए बढ़ाए मदद के हाथ

