Delhi Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज बदलता हुआ दिख रहा है. कुछ दिन पहले हुई दिल्ली-एनसीआर में बारिश ने मौसम को थोड़ा ठंडा किया था, लेकिन अब आज से फिर से दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी पड़ने वाली है. हालांकि, राहत की बात यह है कि यह गर्मी ज्यादा समय के लिए नहीं है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 11 मई से कई जगहों पर फिर से बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है.
Delhi Weather Update:वीकेंड पर गर्मी का ‘डबल अटैक’
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार और रविवार को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी. शनिवार को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री तक जा सकता है, जबकि रविवार को गर्मी और बढ़ेगी और पारा 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने का अनुमान है. दोपहर के समय लू जैसे हालात रह सकते हैं, इसलिए अगर आप बाहर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो सावधानी जरूर बरतें.
11 मई से फिर बदलेगा मौसम
गर्मी से परेशान लोगों के लिए अच्छी खबर यह है कि सोमवार यानी 11 मई से मौसम एक बार फिर करवट लेगा. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 11 और 12 मई को दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी चल सकती है और हल्की बारिश हो सकती है. इससे बढ़ते हुए तापमान पर लगाम लगेगी और लोगों को तपिश से एक बार फिर राहत मिलने की उम्मीद है.
स्वास्थ्य के प्रति रहें सावधान
बदलते मौसम और बढ़ती गर्मी को देखते हुए डॉक्टरों और मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है. बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकलें और शरीर में पानी की कमी न होने दें. हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों की सेहत का खास ख्याल रखें क्योंकि तापमान में अचानक उतार-चढ़ाव स्वास्थ्य समस्याओं को बढ़ा सकता है.
Read more:- Operation Sindoor के वर्षगांठ पर पीएम मोदी ने ने ‘एक्स’ पर चेंज की डीपी

