निर्वाचन आयोग के मामले पर राष्ट्रपति से रात आठ बजे मिलेंगे ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता

नयी दिल्ली: विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितता और ‘वोट चोरी’ के मामले में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार रात आठ बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे।

राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से मुलाकात के लिए रात आठ बजे का समय दिए जाने की जानकारी शुक्रवार सुबह दी गई।

राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए जाने वाले विपक्षी प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की अध्यक्ष ममता बनर्जी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव शामिल होंगे।

नेता शाम पांच बजे संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में पहले बैठक करेंगे और इसके बाद ‘वोट चोरी’ के खिलाफ एक बार फिर प्रदर्शन कर सकते हैं।

पहले यह बैठक दिन में तीन बजे प्रस्तावित थी, लेकिन राष्ट्रपति से मिलने का समय मिलने के बाद इसमें बदलाव किया गया।

विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए सबसे पहले दो अक्टूबर को अनुरोध भेजा था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने बैठक में शामिल होने वाले नेताओं के नाम मांगे थे। इसके अनुरूप गठबंधन ने पांच अक्टूबर को दोबारा अनुरोध भेजकर नेताओं के नाम दिए और सात, आठ या नौ अक्टूबर को मुलाकात के लिए समय मांगा था।

‘इंडिया’ गठबंधन ने पिछले सप्ताह एसआईआर के मुद्दे पर संयुक्त कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया था। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर रैलियां आयोजित करने और ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकालने का फैसला किया गया था।

विपक्षी दल पिछले चार दिनों से अलग-अलग तरीकों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

More From Author

KHABAR UTTAR PRADESH

KHABAR UTTARAKHAND

LIVE देखने के लिए टैप करें