उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा का आगाज होने के बाद से ही भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम पर दर्शन के लिए उमड़ रही है। इनमें कुछ टूर ऑपरेटर यात्रियों केे साथ छलावा कर उन्हें फर्जी रजिस्ट्रेशन करा कर यात्रा पर ला रहे हैं। ऐसे ही दो टूर ऑपरेटरों द्वारा फर्जी रजिस्ट्रेशन कराने का मामला भी सामने आया है।
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रजिस्ट्रेशन सेन्टर हीना में चैकिंग के दौरान रजिस्ट्रेशन बार कोड चैक करने पर दो यात्री बसों की रजिस्ट्रेशन की तिथि फर्जी पायी गयी। दोनों बसों में 88 तीर्थयात्री सवार थे। श्रद्धालुओं द्वारा बताया गया कि हरिद्वार से टिंकू व माटू नामक 02 टूर ऑपरेटर द्वारा उनके रजिस्ट्रेशन में फर्जीवाडा कर उनके साथ छलावा किया गया है।
श्रद्धालुओं की तहरीर पर दोनों टूर ऑपरेटरों के विरुद्ध कोतवाली मनेरी पर सरकारी दस्तावेज पर धोखे से कूटरचना कर फर्जी रजिस्ट्रेशन तैयार करने पर दो अभियोग पंजीकृत किये गये हैं। मामले में कार्यवाही की जा रही है।
एसपी उत्तरकाशी अर्पण यदुवंशी ने बताया गया कि उत्तरकाशी पुलिस आपकी यात्रा को सरल, सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए लगातार तत्पर है, कोई भी यात्री बिना रजिस्ट्रेशन व रजिस्ट्रेशन की तिथि से पूर्व या बाद यात्रा पर न आएं। सभी श्रद्धालु अपना पंजीकरण आधिकारिक साइट से ही करें, किसी भी जालसाज के बहकावे में न आएं, पंजीकरण सेंटर में लगातार चैकिंग की जा रही है, यदि किसी का पंजीकरण फर्जी पाया जाता है तो उन्हें किसी भी दशा में यात्रा नहीं करने दी जाएगी, उन्हें वहीं से वापस लौटा दिया जायेगा। फर्जी पंजीकरण के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

