Instagram iPhone Scam: सोशल मीडिया के इस जमाने में लोग आसानी से फंसा लेते हैं। थोड़े कम दाम और आकर्षक ऑफर सुनते ही कई लोग धोखे का शिकार हो जाते हैं। ऐसा ही मामला दिल्ली से सामने आया है, जहां अमन नाम का एक शख्स सोशल मीडिया पर कम कीमत का झांसा देकर लोगों को ठग रहा था। इसके साथ उसके कुछ साथी भी जुड़े थे, जो अभी पुलिस की तलाश में हैं।
पुलिस के मुताबिक, अमन और उसके साथियों ने नकली प्रोफाइल और फर्जी पेमेंट लिंक के ज़रिए अब तक करीब 8 से 9 लाख रुपए की ठगी की। ये आरोपी हरियाणा के हिसार के रहने वाले हैं।
ठगी का तरीका
अमन लोगों को सस्ते iPhone और अन्य गैजेट्स का झांसा देता था। लोग डील देखकर तुरंत जुड़ जाते और उसके जाल में फंस जाते। उसने टैक्स और शिपिंग के नाम पर झूठे वादे कर 29 अलग-अलग UPI ट्रांजैक्शन के माध्यम से 65,782 रुपए हड़प लिए। पैसे मिलते ही आरोपी संपर्क तोड़ देता और जवाब देना बंद कर देता।
पीड़ित ने दिल्ली पुलिस साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मोबाइल नंबर और डिजिटल ट्रांजैक्शन के जरिये आरोपी तक पहुंची। जांच में पता चला कि इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर हिसार में रजिस्टर्ड था। इसी नंबर के सहारे पुलिस ने अमन का पता लगाया और देर रात छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया।
अमन के कब्जे से दो मोबाइल, तीन डेबिट कार्ड और कई डिजिटल सबूत बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसने बताया कि वह और उसके साथी नकली प्रोफाइल, एडिट किए गए फोटो और फर्जी UPI लिंक के ज़रिए लोगों को फंसाते थे।
अमन ने सिर्फ 12वीं तक पढ़ाई की है और ठगी की तकनीक स्थानीय साइबर अपराधियों से सीखी थी। पैसा मिलने के बाद इसे कई बैंक अकाउंट्स में ट्रांसफर कर दिया जाता था, ताकि पुलिस ट्रेस न कर सके।
पुलिस ने बताया कि अमन के बाकी साथी-शाकिर, आमिर खान, गोडू, जगदीश और गुलशन अभी फरार हैं। पुलिस उनकी लोकेशन ट्रेस कर रही है और जांच जारी है.
Read more:- कल लॉन्च होने जा रहा OnePlus 15,जानें इसके दमदार फीचर्स
