Chitrakoot Video Viral: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ के कर्वी इलाके स्थित प्राथमिक विद्यालय ‘नया बाजार-1’ की प्रधानाध्यापिका मधु कुमारी राय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह स्कूल के समय में छात्राओं से मसाज करवाती नजर आ रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो 28 फरवरी का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि हेडमास्टर मधु राय क्लासरूम के फर्श पर चटाई बिछाकर लेटी हुई हैं। इस दौरान वह आराम से मोबाइल चला रही हैं, जबकि कक्षा 2 और 3 की छोटी छात्राएं उनके हाथ-पैर दबा रही हैं। हद तो तब हो गई जब एक छात्रा को बेलन से मसाज करते और दूसरी को उनकी पीठ पर चढ़कर पैर से दबाते हुए देखा गया।
जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे
वीडियो वायरल होने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) बीके शर्मा ने मामले की जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान सामने आया कि स्कूल के बच्चों और मिड-डे मील बनाने वाले रसोइयों ने पुष्टि की कि मैडम अक्सर बच्चों से हाथ-पैर दबवाती थीं और बाल कढ़वाती थीं।
इतना ही नहीं, स्कूल के रिकॉर्ड में भी बड़ी हेराफेरी पकड़ी गई है। रजिस्टर में बच्चों की उपस्थिति ज्यादा दिखाई गई थी, जबकि मौके पर 68 में से सिर्फ 7 बच्चे ही मौजूद मिले।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तुरंत सख्त कदम उठाया है, हेडमास्टर मधु कुमारी राय को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। विभाग ने उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।
अभिभावकों में भारी गुस्सा
वीडियो देखने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि वे अपने बच्चों को भविष्य बनाने के लिए स्कूल भेजते हैं, न कि शिक्षिकाओं की सेवा करने के लिए। सोशल मीडिया पर भी लोग इस शर्मनाक हरकत की कड़ी निंदा कर रहे हैं।
Read more:- Amitabh Bachchan ने अयोध्या में खरीदी 2.67 एकड़ जमीन, चौथी बार किया करोड़ों का निवेश

