उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री Keshav Prasad Maurya शनिवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। लखनऊ से कौशाम्बी जाते समय उनके हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। हेलीकॉप्टर में अचानक धुआं भर गया, लेकिन गनीमत रही कि उपमुख्यमंत्री और उनके साथ सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।
हादसा कैसे हुआ?
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ के ला मार्टिनियर कॉलेज ग्राउंड से कौशाम्बी के लिए उड़ान भरी थी। जैसे ही हेलीकॉप्टर रायबरेली के बछरावां के पास पहुँचा, पायलट के डैशबोर्ड का डिस्प्ले अचानक बंद हो गया। देखते ही देखते हेलीकॉप्टर के केबिन में तेजी से धुआं भरने लगा। हवा में धुआं देख सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
पायलट की सूझबूझ से टला खतरा
खतरे को भांपते हुए पायलट ने तुरंत एटीसी (ATC) से संपर्क किया और हेलीकॉप्टर को वापस लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया। पायलट की सूझबूझ के कारण हेलीकॉप्टर को सुरक्षित लैंड कराया गया। हेलीकॉप्टर में उपमुख्यमंत्री के अलावा पायलट, एक सहयोगी और सुरक्षा अधिकारी मौजूद थे। सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जांच के आदेश, दूसरे हेलीकॉप्टर से रवाना
घटना के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। विशेषज्ञों की एक टीम मौके पर पहुंची और यह जांच कर रही है कि उड़ते हेलीकॉप्टर में धुआं क्यों भरा। डिप्टी सीएम कुछ देर एयरपोर्ट पर रुके और फिर दूसरे हेलीकॉप्टर से कौशाम्बी के अपने कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए।
कौशाम्बी में थे कई कार्यक्रम
केशव प्रसाद मौर्य कौशाम्बी में ‘सरस महोत्सव’ में शामिल होने वाले थे। इसके अलावा उन्हें वहां कई विकास परियोजनाओं का निरीक्षण और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करनी थी। उनके सुरक्षित होने की खबर से समर्थकों और प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
Read more:-Dhirendra Krishna Shastri करेंगे 21 दिन का कठिन तप, बोले- ‘खुद को साधना है जरूरी’

