थराली दौरे पर पूर्व CM हरीश रावत
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत मंगलवार को थराली पहुंचे, जहां उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उनके साथ कपकोट से पूर्व विधायक ललित फर्श्वान भी मौजूद रहे। रावत ने सोल घाटी समेत उन तमाम गांवों में गहराते खाद्यान संकट पर गंभीर चिंता जाहिर की, जहां पिछले 11 दिनों से सड़कें बाधित हैं। उन्होंने कहा कि कुराड़, पार्था, सगवाड़ा और देवाल ब्लॉक के कई अन्य गांवों तक अब भी सड़क मार्ग बंद होने से रोजमर्रा की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। इस संकट से निपटने के लिए उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि हेलीकॉप्टर की मदद से खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुएं तत्काल प्रभावित गांवों तक पहुंचाई जाएं।
आपदा पीड़ितों के पुनर्वास और राहत कार्य तेज करने की मांग
थराली के आपदाग्रस्त इलाकों का जायजा लेने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत चेपडो पहुंचे, जहां उन्होंने नुकसान का आकलन कर प्रभावितों से मुलाकात की। रावत ने कहा कि सरकार को इस आपदा की घड़ी में हरसंभव मदद उपलब्ध करानी चाहिए। जिन लोगों के मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं तथा जिनकी रोज़ीरोटी प्रभावित हुई है, उन्हें तत्काल राहत दी जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से चेपडो बाजार समेत प्रभावित कस्बों को दोबारा बसाने, पुनर्वास कार्यों को गति देने और सुरक्षात्मक उपाय शुरू करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि थराली के विभिन्न हिस्सों में प्रभावित आबादी को सुरक्षित करने के कार्य को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

