Indigo Flight Bomb Threat: मंगलवार सुबह इंडिगो की मुंबई से दिल्ली आने वाली एक उड़ान को बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-762 में करीब 200 यात्री सवार थे।
धमकी की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल सतर्कता बरती और दिल्ली हवाई अड्डे पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया। जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इस धमकी को अस्पष्ट बताया है।
उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइट राडार 24 के अनुसार, एयरबस ए321 नियो विमान द्वारा संचालित यह फ्लाइट सुबह 7:53 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर इंडिगो एयरलाइन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
पहले भी आ चुकी हैं ऐसी धमकियां
पिछले कुछ महीनों में दिल्ली में इस तरह की फर्जी धमकियों के कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में 20 सितंबर को नजफगढ़ के कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल, कुतुब मीनार स्थित सर्वोदय सीनियर सेकेंड्री स्कूल और द्वारका के डीपीएस स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके अलावा 13 सितंबर को शालीमार बाग, द्वारका और साकेत के मैक्स अस्पतालों को भी इसी तरह की धमकी मिली थी, जो बाद में झूठी साबित हुई। 12 सितंबर को दिल्ली हाईकोर्ट को भी धमकी भरा ईमेल भेजा गया था।
Read more:- Delhi School Bomb Threat: दिल्ली के स्कूलों को फिर बम धमकी, डीपीएस द्वारका ने टाले मिड-टर्म एग्जाम

