Kasganj News:

Kasganj News: कासगंज में एक ही कमरे से मिले 5 शव, बच्चों को जहर देने का शक

Kasganj News: जनपद के अमांपुर कस्बे में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ एक ही कमरे से 5 लोगों के शव मिले हैं, जिसकी जानकारी पुलिस ने दी है। बता दें यह घटना एटा रोड स्थित किराये के मकान की है, जहाँ ‘फौजी वेल्डिंग मिस्त्री’ के नाम से मशहूर सत्यवीर सिंह (50) और उनके परिवार के चार अन्य सदस्यों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान सत्यवीर की पत्नी शीला (48), बेटियां प्राची (12) व आकांक्षा (10) और बेटा ग्रीश (8) के रूप में हुई है।

तीन दिन से बंद था मकान

इस घटना का पता तब चला जब एक ग्राहक वेल्डिंग का काम कराने सत्यवीर की दुकान पर पहुँचा। दुकान बंद देख जब वह घर की ओर गया, तो उसे वहां कोई हलचल नहीं मिली। पड़ोसियों के सहयोग से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर 5 लोगों के शव बरामद हुए। सत्यवीर और उनकी पत्नी का शव फंदे से लटका मिला, जबकि तीनों बच्चे बिस्तर पर मृत पाए गए।

क्या रही मौत की वजह?

शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इसे सामूहिक आत्महत्या का मामला मान रही है। पुलिस के मुताबिक, आशंका है कि सत्यवीर ने पहले अपने तीनों बच्चों को कोई जहरीला पदार्थ दिया और उसके बाद दंपति ने खुद फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के साले मदन लाल के अनुसार, सत्यवीर पिछले 20 वर्षों से यहाँ रहकर वेल्डिंग की दुकान चला रहे थे। बताया जा रहा है कि पैतृक संपत्ति में हिस्सा न मिलने के कारण परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था, जो इस आत्मघाती कदम का संभावित कारण हो सकता है।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि शव करीब तीन दिन पुराने लग रहे हैं। ‘मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम जांच में जुट गयी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मौत जहर से हुई है या किसी अन्य कारण से। पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।’

सत्यवीर को क्षेत्र में एक सरल और मिलनसार व्यक्ति के रूप में जाना जाता था। एक साथ पूरे परिवार के खत्म हो जाने से कस्बे में दहशत और दुख का माहौल है। पुलिस अब परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की असली वजह तक पहुँचा जा सके।

Read more:- Terror Attack In India: देश में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, तमिलनाडु से 6 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

More From Author

Terror Attack In India

Terror Attack In India: देश में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, तमिलनाडु से 6 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

Banke Bihari Mandir

Banke Bihari Mandir जाने से पहले नोट कर लें नया समय, दर्शन के लिए करना होगा लंबा इंतजार!