Kolkata Airport : शनिवार सुबह शिलांग जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E3074 को बम की धमकी मिलने के बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर रोक दिया गया। धमकी के बाद अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों को तुरंत विमान से बाहर निकाला गया। इसके बाद, पूरी सिक्योरिटी जांच के लिए एयरक्राफ्ट को आइसोलेशन बे में शिफ्ट किया गया।
बम की धमकी के बाद सिक्योरिटी जांच
कोलकाता एयरपोर्ट के डायरेक्टर ने बताया कि ‘कोलकाता से शिलांग जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E3074 को बम की धमकी मिली, जो सुबह 9:15 बजे उड़ान भरने वाली थी। एयरक्राफ्ट को आइसोलेशन बे में ले जाया गया है।’ अधिकारियों के अनुसार, यह अलर्ट तब आया जब फ्लाइट क्रू को विमान के टॉयलेट में एक हाथ से लिखा हुआ नोट मिला, जिसमें कहा गया था कि विमान में विस्फोटक रखा है।
यात्रियों को बाहर निकाला गया
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कागज का एक टुकड़ा टॉयलेट में मिलने के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। फिलहाल, एयरक्राफ्ट की पूरी सिक्योरिटी जांच चल रही है।
पिछले महीने भी हुआ था सुरक्षा अलर्ट
इससे पहले, पिछले महीने कुवैत से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को बम और हाईजैक की धमकी के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। इस फ्लाइट में 180 यात्री सवार थे। फ्लाइट की लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया और सिक्योरिटी चेक के लिए ले जाया गया। सूत्रों के अनुसार, अलर्ट तब आया जब एयरक्राफ्ट के अंदर एक हाथ से लिखा टिशू पेपर मिला, जिसमें विमान को हाईजैक करने और उड़ाने की धमकी दी गई थी। पायलटों ने तुरंत अधिकारियों को सूचित किया और फ्लाइट को अहमदाबाद डायवर्ट किया।
पहले भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
कोलकाता एयरपोर्ट पर तुर्की एयरलाइंस के एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी जब उड़ान के दौरान विमान से धुआं निकलने की सूचना मिली थी। इसके बाद विमान को सुरक्षित रूप से एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया।
मुंबई एयरपोर्ट पर विमान हादसा
महाराष्ट्र के मुंबई एयरपोर्ट पर हाल ही में दो विमानों के विंग आपस में टकरा गए थे, लेकिन गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई। यह घटना उस समय हुई जब दोनों विमान में यात्री सवार थे।
Read more:- Pulwama Terror Attack: जानिए पुलवामा के 40 शहीदों की वो दर्दनाक कहानी!

