Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जीसीआरजी कॉलेज गेट के सामने स्थित एक वेज बिरयानी की दुकान के डीप फ्रीजर से एक 38 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ।
मृतक की पहचान बीकेटी के किशुनपुर गांव निवासी विजय पाल (पुत्र डलई) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दुकान के मालिक शनि रावत के पिता का हाल ही में निधन हो गया था, जिसके चलते दुकान पिछले चार दिनों से बंद थी। रविवार सुबह जब मालिक दुकान पर लौटा और काम शुरू करने के लिए फ्रीजर खोला, तो अंदर युवक का शव देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को इसकी सूचना दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ गोपाल कृष्ण चौधरी भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में पता चला है कि जिस फ्रीजर में शव मिला, उसका बिजली कनेक्शन कटा हुआ था और मृतक के शरीर पर बाहर से किसी भी तरह के गंभीर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मृतक की जेब से मिले मोबाइल और आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान हो पाई। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि आखिर विजय पाल बंद दुकान के अंदर कैसे दाखिल हुआ और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस दुकान मालिक और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Read more:- LPG Price: होली से पहले महंगा हुआ गैस सिलेंडर, 1 मार्च से लागू हुए नए रेट

