Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस और हिंदूवादी संगठन ने एक गेस्ट हाउस में छापेमारी कर नागपुर की एक नाबालिग हिंदू लड़की को दो मुस्लिम युवकों के साथ बरामद किया है। यह घटना मथुरा के थाना कोतवाली क्षेत्र के धौली प्याऊ इलाके की है। जानकारी के अनुसार, अखिल भारत हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष छाया गौतम को सूचना मिली थी कि गेस्ट हाउस में कुछ संदिग्ध लोग ठहरे हुए हैं। इसके बाद जब संगठन के पदाधिकारियों ने वहां पहुंचकर जांच की, तो एक कमरे में नाबालिग लड़की के साथ युवक मिले, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा दस्तावेजों को लेकर हुआ है। पकड़े गए युवकों ने नाबालिग लड़की को गेस्ट हाउस में रुकवाने के लिए उसका एक फर्जी आधार कार्ड तैयार करवाया था। इस फर्जी आईडी में लड़की की उम्र बढ़ाकर उसे बालिग दिखाया गया था ताकि होटल में कमरा लेने में कोई कानूनी अड़चन न आए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने लड़की को अपनी पत्नी बताकर होटल में एंट्री ली थी। हिंदू महासभा ने इसे ‘लव जिहाद’ का एक बड़ा और संगठित मामला बताया है। संगठन का आरोप है कि मुस्लिम युवक हिंदू लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाते हैं और फिर फर्जी दस्तावेजों के जरिए उन्हें एक शहर से दूसरे शहर ले जाकर उनका शोषण करते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मथुरा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और लड़की को अपने संरक्षण में ले लिया। जब लड़की के परिजनों से संपर्क किया गया, तो उसकी नानी ने बताया कि वे लोग महाराष्ट्र के नागपुर के रहने वाले हैं और वहां के स्थानीय पुलिस स्टेशन में लड़की की गुमशुदगी और अपहरण का मामला पहले से ही दर्ज है। नागपुर पुलिस और लड़की के परिजन काफी समय से उसकी तलाश कर रहे थे। आरोपियों ने लड़की को बहला-फुसलाकर नागपुर से मथुरा लाया था।
अब मथुरा पुलिस और नागपुर पुलिस आपसी तालमेल के साथ मामले की गहराई से जांच कर रही है। नागपुर पुलिस की एक टीम आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए मथुरा रवाना हो चुकी है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह फर्जी आधार कार्ड किसने और कहां बनाया? क्या इसके पीछे कोई ऐसा गिरोह सक्रिय है जो नाबालिगों के दस्तावेज बदलकर उन्हें मानव तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों में धकेल रहा है? हिंदूवादी संगठनों ने मांग की है कि इस मामले में शामिल सभी जिहादी तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए.
Read more:-Delhi News: जनकपुरी में नोएडा जैसा हादसा, गड्ढे में गिरने से बाइक सवार की मौत

