Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां ऑनलाइन गेमिंग के दौरान 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है, जो खैरनगर गूलर वाली का निवासी था। परिवार के मुताबिक, कैफ देर रात मोबाइल पर पबजी गेम खेल रहा था, तभी उसे तेज सिरदर्द और बेचैनी हुई। उसकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
कैफ का ब्लड प्रेशर अचानक बहुत बढ़ गया था, जो 300 तक पहुंच गया। डॉक्टरों ने बताया कि इससे उसके दिमाग की नस फट गई, जिसे मेडिकल भाषा में ब्रेन एनीयूरिज्म कहा जाता है। हालत गंभीर होने पर कैफ को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन दो दिन तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
पबजी की लत ने ली जान
परिजनों के अनुसार, कैफ को ऑनलाइन गेमिंग की लत थी और वह घंटों तक मोबाइल पर गेम खेलता रहता था। वह अक्सर कान में इयरफोन लगाकर पबजी खेलता था। घटना वाले दिन भी वह इसी तरह गेम खेल रहा था, तभी उसकी तबीयत बिगड़ी। अस्पताल में भर्ती होने पर डॉक्टर्स ने बताया कि कैफ का ब्लड प्रेशर 300 तक पहुंच गया था, जो जानलेवा था।
परिवार का कहना है कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि गेमिंग की आदत इतनी खतरनाक साबित हो सकती है। मोहम्मद कैफ का परिवार इस घटना से सदमे में है और वे यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि एक गेम ने उनके बेटे की जान ले ली।
पबजी की लत का खतरनाक असर
गाजियाबाद में तीन बहनों द्वारा गेम की लत के कारण आत्महत्या की घटना के बाद, मेरठ में भी पबजी की लत ने एक युवक की जान ले ली। डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक गेम खेलना मानसिक तनाव और उत्तेजना का कारण बन सकता है, जिससे ब्लड प्रेशर तेजी से बढ़ सकता है और यह जानलेवा साबित हो सकता है।
कैफ के परिवार के लोग और मोहल्ले के लोग अब इस घटना के बाद जागरूक हो गए हैं और उन्होंने पबजी और अन्य गेम्स के खतरनाक प्रभावों के बारे में चेतावनी दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट
कैफ की मौत के बाद पुलिस और डॉक्टर मामले की पूरी जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चलेगा।
Read more:- Peeragarhi Flyover पर कार में मिले तीन शव, आत्महत्या का शक

