Nashik news: नासिक में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। आज, 20 फरवरी 2026 से शहर के प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के जरिए ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सीधी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब बिना पुलिसकर्मी की मौजूदगी के भी नियम तोड़ने वालों का ऑटोमैटिक चालान कटेगा।
40 जंक्शनों पर AI कैमरों की नजर
पहले चरण में शहर के 40 से अधिक प्रमुख सिग्नल जंक्शनों पर हाई-टेक कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से जुड़े हैं। ANPR (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) तकनीक की मदद से कैमरे वाहन की नंबर प्लेट तुरंत पहचान लेते हैं और वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ई-चालान भेज दिया जाता है।
इन उल्लंघनों पर चालान कटेगा, जैसे रेड लाइट जंप करना, ओवरस्पीडिंग, लेन बदलना, गलत साइड ड्राइविंग, हेलमेट या सीट बेल्ट न लगाना आदि। कैमरे इन सभी नियमों के उल्लंघन को तुरंत रिकॉर्ड करते हैं।
नासिक पुलिस कमिश्नर के अनुसार, इस डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य मैनुअल चालान प्रणाली में होने वाले भ्रष्टाचार को रोकना और सड़क सुरक्षा को मजबूत करना है। इसके लिए 15 ट्रैफिक कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, जो कंट्रोल रूम में बैठकर उल्लंघनों की पुष्टि करेंगे। साथ ही, शहर में 13 डिजिटल बोर्ड लगाए गए हैं, जो लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करेंगे।
फेक चालान स्कैम से बचें
ई-चालान की शुरुआत के साथ ही विशेषज्ञों ने ‘फेक ई-चालान स्कैम’ को लेकर चेतावनी दी है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि किसी भी अनजान लिंक पर भुगतान न करें। चालान की पुष्टि केवल आधिकारिक parivahan.gov.in वेबसाइट या mParivahan ऐप के माध्यम से ही करें। किसी भी विवाद की स्थिति में 45 दिनों के भीतर अपील करने का अधिकार है।
पूरे शहर में होगा विस्तार
फिलहाल यह सिस्टम 40 प्रमुख चौराहों पर लागू किया गया है, जिसे जल्द ही पूरे शहर में विस्तारित किया जाएगा। दिल्ली, हैदराबाद और केरल जैसे शहरों की तर्ज पर नासिक भी अब एआई-आधारित (AI-based) ट्रैफिक मॉनिटरिंग वाले शहरों की सूची में शामिल हो गया है।
Read more:- Delhi metro suicide: उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर 12वीं के छात्र ने किया सुसाइड

