Navratri 2026:जल्द ही चैत्र नवरात्रि शुरू होने वाली है और इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे ने एक बड़ी सुविधा दी है। उत्तर रेलवे (Northern Railway) ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन (04081/04082) के संचालन की अवधि बढ़ा दी है।
अब 31 मार्च तक चलेगी ट्रेन
पहले यह स्पेशल ट्रेन मार्च की शुरुआत में बंद होने वाली थी, लेकिन नवरात्रि के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए अब इसकी अवधि बढ़ा दी गई है:
- नई दिल्ली से कटरा (04081): यह ट्रेन अब 17 मार्च से 30 मार्च 2026 तक कुल 14 फेरों के लिए चलेगी।
- कटरा से नई दिल्ली (04082): वापसी के लिए यह ट्रेन अब 18 मार्च से 31 मार्च 2026 तक संचालित होगी।
क्यों लिया गया यह फैसला?
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस रूट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले कुछ हफ्तों में इस ट्रेन की सभी सीटें 100 प्रतिशत भरी हुई थीं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुविधा के प्रति संवेदनशील है। इसलिए नवरात्रि के दौरान सीटों की मारामारी कम करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
हर साल चैत्र नवरात्रि पर लाखों श्रद्धालु कटरा पहुंचते हैं। नई दिल्ली से सीधी ट्रेन सेवा होने के कारण दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों के भक्तों को यात्रा में काफी आसानी होगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी परेशानी से बचने के लिए आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर ताजा शेड्यूल चेक करके अपनी टिकट जल्द से जल्द बुक कर लें।
Read more:- Delhi NCR Weather: उत्तर भारत में बारिश से गर्मी से राहत, दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदला

