धारचूला के घटखोला में तटबंध निर्माण मजदूरों पर नेपाल की ओर से पथराव

धारचूला के घटखोला में तटबंध निर्माण कर रहे मजदूरों पर नेपाल की ओर से फिर पथराव किया गया। इस पथराव में डंपर और जेसीबी के शीशे टूट गए। पथराव में डंपर चालक भी मामूली रूप से घायल हो गया। नेपाल की ओर से की गई पथराव की यह 11वीं घटना है।

बता दें कि धारचूला नगर और आसपास के गांवों की सुरक्षा के लिए भारत काली नदी किनारे तटबंध निर्माण का कार्य कर रहा है। नेपाल की ओर से पथराव कर तटबंध निर्माण के कार्य में बाधा पहुंचाई जा रही है।

सभासद प्रेमा कुटियाल और महिराज सिंह गर्ब्याल का कहना है कि भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी के रिश्ते हैं। कुछ लोग बार-बार इस तरह पत्थरबाजी कर संबंधों को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नेपाल के सीडीओ ने भी भारत आकर स्थिति का जायजा लिया था। एक दिन पूर्व बृहस्पतिवार को नेपाल से आए इंजीनियरों ने भी स्थानीय प्रशासन के साथ स्थलीय निरीक्षण किया था। बावजूद इसके नेपाल की ओर से पथराव करने से भारतीयों में नाराजगी है।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष महेंद्र बुदियाल का कहना है कि नेपाल प्रशासन बार-बार की जा रही पत्थरबाजी की घटना को रोकने में विफल साबित हो रहा है। इससे धारचूला की सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे तटबंध का निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। यदि नेपाल की ओर से अराजकतत्वों की हरकतों पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो अंतर्राष्ट्रीय झूला पुल को बंद कर दिया जाएगा।

More From Author

आईपीएल के आगामी सीजन में इंग्लैंड के सैम करन सारे रिकॉर्ड तोड़े पंजाब किंग्स ने 18.50 करोड़ रुपये में खरीदा

निलंबित आईएफएस और हरिद्वार के पूर्व डीएफओ किशन चंद की गिरफ्तारी