PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन के खास मौके पर मध्यप्रदेश को एक ऐतिहासिक उपहार देने जा रहे हैं। 17 सितंबर को पीएम मोदी धार जिले के भैंसोला में देश के सबसे बड़े और पहले पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क का भूमि पूजन करेंगे।
यह पार्क न केवल टेक्सटाइल सेक्टर में भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में मजबूत बनाएगा, बल्कि लाखों लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा करेगा।
यह विशाल टेक्सटाइल पार्क लगभग 2100 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है और इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां कपड़ा उत्पादन से लेकर निर्यात तक की संपूर्ण प्रक्रिया — जिसे 5F चेन कहा जाता है (Farm, Fibre, Factory, Fashion और Foreign) — एक ही परिसर में जुड़ी होगी।
3 लाख से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार
इस मेगा प्रोजेक्ट से धार, झाबुआ, आलीराजपुर और बड़वानी जैसे आदिवासी जिलों के लाखों युवाओं और महिलाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।
पार्क में उद्योगों को स्थापित करने के लिए प्लग एंड प्ले मॉडल पर प्लॉट और तैयार शेड्स दिए जाएंगे, जिससे छोटे और मध्यम स्तर के उद्यमियों को भी बड़ा अवसर मिलेगा।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा पार्क
इस टेक्सटाइल पार्क में बिजली, पानी, लॉजिस्टिक्स और पर्यावरण की दृष्टि से अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पार्क को पूरी तरह सोलर एनर्जी से संचालित किया जाएगा, जिससे पर्यावरण पर कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़े।
यहां “जीरो लिक्विड डिस्चार्ज सिस्टम” लगाया जाएगा, जो उद्योगों से निकलने वाले पानी को पूरी तरह शुद्ध करेगा और उसका दोबारा उपयोग किया जाएगा।
प्रतिदिन करीब 150 मेगावाट बिजली की खपत के अनुमान के साथ इसमें 10 मेगावाट सोलर पावर की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, रोजाना 20 एमएलडी पानी का ट्रीटमेंट कर उसे बागवानी और सफाई में उपयोग में लाया जाएगा।
श्रमिकों के लिए आधुनिक रहन-सहन की व्यवस्था
पार्क में काम करने वाले कर्मचारियों और श्रमिकों के लिए 3500 बेड का हॉस्टल, डॉरमैट्री, अस्पताल, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और पेट्रोल पंप जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे उन्हें बेहतर जीवन स्तर और सुविधाजनक कार्य वातावरण मिलेगा।
धार को क्यों चुना गया?
धार जिले के बदनावर क्षेत्र को इस प्रोजेक्ट के लिए इसलिए चुना गया क्योंकि यहां से लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी बेहतर है। झाबुआ-रतलाम के रास्ते मुंबई के जेएनपीटी पोर्ट और गुजरात के कांडला पोर्ट तक आसान पहुंच सुनिश्चित होती है।
इसके अलावा, बदनावर-थांदला हाईवे और पीथमपुर-मऊ-नीमच हाईवे के जरिए देश के अन्य हिस्सों से भी मजबूत संपर्क रहेगा।
सात राज्यों में बन रहे हैं पीएम मित्रा पार्क
देशभर में सात राज्यों में पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क बनाए जा रहे हैं, जिनमें तमिलनाडु, तेलंगाना, गुजरात, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश शामिल हैं।
लेकिन धार का यह पार्क पहला होगा जिसका उद्घाटन हो रहा है और आकार व सुविधाओं के मामले में यह सबसे बड़ा भी होगा।
यह पहल भारत को टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। साथ ही, यह पर्यावरण और श्रमिक कल्याण के उच्च मानकों पर खरा उतरने वाला अंतरराष्ट्रीय स्तर का मॉडल भी बनेगा।
यह भी पढ़ें : देहरादून-बेंगलुरु के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान शुरू, सीएम धामी ने किया शुभारंभ

