Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे हैं। रविवार को सर्किट हाउस में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था और विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी दर्शनार्थी के साथ दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए।
श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के साथ हुई दुर्व्यवहार की खबरों पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने पुलिस और मंदिर प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के साथ व्यवहार विनम्र होना चाहिए, दुर्व्यवहार की कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वनाथ कॉरिडोर की दुकानों तक श्रद्धालु आसानी से पहुंच सकें और सामानों के दाम वाजिब रखे जाएं।
विकास कार्यों और घाटों का निरीक्षण
सीएम योगी ने मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए और क्षतिग्रस्त सड़कों की तुरंत मरम्मत हो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14.2 एकड़ जमीन पर बन रहे मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया। 150 करोड़ की लागत से बन रहे इस कॉलेज का काम 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है, जहां 150 एमबीबीएस सीटों पर पढ़ाई होगी। साथ ही उन्होंने सिगरा स्टेडियम और पुलिस लाइन स्थित पुलिस संग्रहालय का भी जायजा लिया।
कानून व्यवस्था पर समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अवैध शराब और कोडिन कफ सिरप की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि पर्वों के दौरान अवैध शराब की बिक्री न हो और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाए।
Read more:- सिद्धार्थनगर महोत्सव में CM yogi करेंगे 1052 करोड़ की सौगातों की बौछार

