एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय में क्रॉस कंट्री दौड़
श्रीनगर स्थित एचएनबी केंद्रीय गढ़वाल विश्वविद्यालय में समाज कल्याण विभाग और शारीरिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर बुधवार को क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर से शुरू हुई इस मैराथन में महिला, पुरुष और स्कूली वर्ग के 200 से अधिक धावकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मेयर आरती भंडारी, विश्वविद्यालय के डीन प्रो. एमएस पंवार और एसएसबी सीटीसी के डिप्टी कमांडेंट विकास कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया और हस्ताक्षर अभियान में भी शामिल हुए। परिणामस्वरूप ओपन पुरुष वर्ग में कुलदीप प्रथम रहे जबकि महिला वर्ग में चांदनी राजपूत ने बाजी मारी, वहीं स्कूली धावकों ने भी जोश के साथ भाग लेकर पदक हासिल किए।

नशा मुक्त भारत अभियान को समर्पित
क्रॉस कंट्री दौड़ के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मेयर आरती भंडारी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें, क्योंकि यह समाज और आने वाली पीढ़ी को अंदर से खोखला कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवा अपने भविष्य को बर्बाद न करें, बल्कि दूसरों को भी नशा त्यागने के लिए प्रेरित करें। विशिष्ट अतिथि प्रो. एमएस पंवार ने नशा मुक्त समाज को एक सशक्त और उन्नत भारत की नींव बताते हुए कहा कि नशा त्यागकर ही हम स्वस्थ समाज बना सकते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने भी अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग लगातार जन-जागरूकता अभियानों के जरिए युवाओं को सही दिशा देने का प्रयास कर रहा है और केंद्र व राज्य सरकार का संकल्प है कि जनसहयोग और सामूहिक प्रयास से देश को नशा मुक्त बनाया जाएगा।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

