15 eminent individuals to be honored with the 'Uttarakhand Gaurav Samman' award for 2026; the honor will be presented on State Foundation Day.

उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित होंगी 15 विभूतियां, राज्य स्थापना दिवस पर मिलेगा सम्मान

पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी को मरणोपरांत मिलेगा सम्मान, खेल, चिकित्सा, शिक्षा, कला, साहित्य और पर्यावरण सहित विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों का चयन

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के विकास, पहचान और गौरव को बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जाएगा। चयनित महानुभावों को 9 नवंबर को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित होने वाले राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जाएगा।

उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार के लिए राजनीतिक, शासकीय, चिकित्सा, उद्यमिता, फिल्म, लोककला, शिक्षा, पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों का चयन किया गया है।

सम्मानित होने वाली विभूतियों में राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता के क्षेत्र में मनमोहन भारद्वाज तथा फिल्म जगत में योगदान के लिए अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी को यह सम्मान दिया जाएगा।

इसी क्रम में लोक जागर गायन के क्षेत्र में हेमा नेगी करासी, शिक्षा एवं पत्रकारिता में डॉ. गिरीश रंजन तिवारी, सामाजिक क्षेत्र में अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पर्यावरणविद् सुरेश भाई को सम्मानित किया जाएगा। लोक गायन के क्षेत्र में रेशमा शाह को भी उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा।

वहीं, खेल जगत में प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाली पांच प्रतिभाओं को इस सम्मान के लिए चुना गया है। इनमें क्रिकेटर एकता बिष्ट, हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, एथलीट अंकिता ध्यानी, मुक्केबाज निकिता चंद और कपिल पोखरिया शामिल हैं।

राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले समारोह में इन सभी विभूतियों को सम्मानित कर उत्तराखंड के सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक, आर्थिक और खेल विकास में उनके योगदान को सम्मान दिया जाएगा।

More From Author

Traffic plan issued in Dehradun for Amit Shah’s public meeting and Dhanteras; diversions to be in place on several routes.

Dehradun- अमित शाह की जनसभा और धनतेरस को लेकर देहरादून में ट्रैफिक प्लान जारी, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

DESH PRADESH

LIVE देखने के लिए टैप करें