ताजी बर्फबारी से लदा बद्रीनाथ धाम
उत्तराखंड में बीते कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ था, जिसके बाद बीते 15 फरवरी को राज्य में हुई बारिश और बर्फबारी से प्रदेश भर के तापमान में गिरावट देखने को मिली। जिसके बाद तीसरे दिन मौसम के खुलने से तापमान फिर से सामान्य हो गया। बीते दो दिनों तक लगातार हुई बर्फबारी ने बद्रीनाथ धाम की तस्वीर ही बदल कर रख दी है, बद्रीनाथ धाम में हुई बर्फबारी से धाम में छह इंच मोटी बर्फ की तह जम गई जिसको देखते हुए सोमवार को जिलाधिकारी ने आला अधिकारियों के साथ धाम जाने का कार्यक्रम फिलहाल रद्द कर दिया है। बीते दो दिन पहले प्रदेश में हुई बारिश-बर्फबारी के बाद सोमवार को मौसम खुला तो पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड से राहत मिली। चटक धूप खिलने से पारा चढ़ा तो रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य हो गया। जबकि दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहने से दोपहर के समय गर्मी का अहसास हुआ।
अधिकारियों का दौरा रद्द
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि उन्हें धाम का जायजा लेने के लिए बद्रीनाथ धाम जाना था जिसके लिए सोमवार का दिन निश्चित किया गया था, लेकिन धाम में 15 और 16 फरवरी को हुई बर्फबारी से धाम बर्फ से पूरी तरह से पट गया। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि अब मौसम सामान्य होने के बाद ही बदरीनाथ जाने का कार्यक्रम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा से संबंधित सभी अधिकारियों को यात्रा से संबंधित योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा चार मई से शुरू हो जाएगी। यात्रा तैयारियों को लेकर अभी तक प्रशासनिक टीम धाम नहीं पहुंची है। धाम में पेयजल, बिजली, सीवर, सड़क सहित विभिन्न यात्रा तैयारियों के कार्य होने हैं। मार्च माह में मास्टर प्लान के कार्य फिर से शुरू होंगे।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

