उत्तराखंड में पीएम मोदी ने की समीक्षा बैठक
उत्तराखंड में आई भीषण आपदा के हालातों का जायजा लेने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून पहुंचे। प्रधानमंत्री का आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण मौसम अनुकूल न होने के कारण टल गया, लेकिन उन्होंने जौलीग्रांट एयरपोर्ट परिसर में आपदा प्रभावित परिवारों से सीधी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संवेदनाएं प्रकट कीं। इसके बाद आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री ने राज्य को 1200 करोड़ रुपये की तात्कालिक वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। साथ ही मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया गया। वहीं, आपदा में अनाथ हुए बच्चों को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन फंड से विशेष सहयोग प्रदान किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर राहत और पुनर्वास कार्यों की गति को और तेज करेंगे। धामी सरकार व केंद्र के इस कदम से पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पीएम आवास योजना से क्षतिग्रस्त घरों का होगा निर्माण
उत्तराखंड आपदा से मची भारी तबाही के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम आवास योजना के तहत क्षतिग्रस्त घरों के पुनर्निर्माण के लिए विशेष परियोजना तैयार की जाएगी और सड़कों, स्कूलों व अन्य ढांचागत पुनर्निर्माण कार्यों में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा। नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र की टीमें पहले ही प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच चुकी हैं और उनकी रिपोर्ट आने के बाद और अधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने आपदा प्रभावित परिवारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में केवल केंद्र ही नहीं बल्कि पूरा देश उत्तराखंड के साथ खड़ा है। इस दौरान प्रधानमंत्री भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। आपदा राहत और पुनर्वास को लेकर पीएम मोदी के इस आश्वासन से राज्य के प्रभावित परिवारों और क्षेत्रीय विकास को नई उम्मीदें मिली हैं।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

