Rule Change 1st February: आज से फरवरी महीने का आगाज हो चुका है। एक ओर जहां पूरा देश वित्त मंत्री द्वारा पेश किए जाने वाले आम बजट की प्रतीक्षा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर आज सुबह से ही देश में कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू हो गए हैं। एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से लेकर बैंकिंग और फास्टैग के नियमों तक, इन बदलावों का सीधा असर आम आदमी के बजट पर पड़ने वाला है।
आइये जानते हैं आज से लागू होने वाले 5 बड़े बदलावों के बारे में:
कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने महीने के पहले दिन ही उपभोक्ताओं को झटका दिया है। लगातार दूसरे महीने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपये तक का इजाफा किया गया है।
- दिल्ली: अब 1740.50 रुपये (पहले 1691.50)
- मुंबई: अब 1692 रुपये (पहले 1642.50)
राहत की बात: 14 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे गृहणियों को फिलहाल राहत मिली है।
हवाई सफर होगा सस्ता (ATF कीमतों में कटौती)
हवाई यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। तेल कंपनियों ने एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) यानी विमान ईंधन की कीमतों में कटौती की है। दिल्ली में एटीएफ के दाम 92,323.02 रुपये से घटकर 91,393.39 रुपये प्रति किलोलीटर हो गए हैं। इस कटौती से आने वाले दिनों में विमान किराए में कमी देखने को मिल सकती है।
FASTag के लिए अब KYC की झंझट खत्म
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने फास्टैग यूजर्स को बड़ी राहत दी है। आज से कार, जीप और वैन के लिए नया फास्टैग लेते समय KYC वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को खत्म कर दिया गया है। अब यह जिम्मेदारी पूरी तरह बैंकों की होगी कि वे वाहन की जांच पहले ही पूरी कर लें, जिससे ग्राहकों को अतिरिक्त भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
सिगरेट और पान-मसाला पर ‘टैक्स’ की मार
धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों का सेवन करने वालों की जेब आज से और ढीली होगी। सरकार ने सिगरेट, गुटखा और पान मसाला पर नया उत्पाद शुल्क और ‘हेल्थ एवं नेशनल सिक्योरिटी सेस’ लागू कर दिया है। यह अतिरिक्त शुल्क जीएसटी की मौजूदा दरों के अलावा देय होगा, जिससे इनकी खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी तय है।
बैंकिंग नियमों में बड़े बदलाव (SBI, HDFC, ICICI)
देश के दिग्गज बैंकों ने अपने नियमों में फेरबदल किया है:
- ICICI Bank: कुछ क्रेडिट कार्ड्स पर मिलने वाले ‘BookMyShow’ के फ्री मूवी टिकट का लाभ आज से बंद हो रहा है।
- HDFC Bank: प्रीमियम ‘Infinia Metal’ कार्ड यूजर्स अब एक महीने में अधिकतम 5 बार ही रिवॉर्ड पॉइंट्स रिडीम कर सकेंगे।
- SBI: 15 फरवरी से IMPS ट्रांजैक्शन चार्जेस में बदलाव करने जा रहा है।
Read more:- Supreme Court News:’बेटियों, ये तुम्हारी गलती नहीं है…’सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला

