दिल्ली के लिए यह हफ्ता बेहद खास होने वाला है। हफ्ते की शुरुआत में, यानी आज से, दिल्ली में AI Impact Summit होने जा रहा है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी करेंगे। इस इवेंट में दुनिया भर के कई देशों के लीडर, CEO और डेलिगेशन भी शामिल होंगे। वहीं दूसरी ओर, इसी हफ्ते से बोर्ड की परीक्षा भी शुरू होने जा रही है। जिसके लिए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। अगर आप भी दिल्ली में कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी एक बार पढ़ लें।
कब शुरू होगा AI Impact Summit
प्रधानमंत्री मोदी आज शाम 5 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में AI Impact Summit का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि दुनियाभर से लोग इंडिया AI समिट के लिए आ रहे हैं, यह हमारे लिए गर्व की बात है। इससे देश के युवाओं की सामर्थ्य का भी पता चलता है। इसके साथ ही भारत विज्ञान और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में प्रगति कर रहा है, और देश वैश्विक विकास में अहम योगदान दे रहा है।
यह इवेंट 5 दिन तक चलेगा, जिसमें उद्घाटन सत्र, बड़े प्लेनरी सेशन, अलग-अलग विषयों पर चर्चा, आधिकारिक बैठकें और एक खास आयोजन शामिल होंगे।
इस इवेंट को दिल्ली पुलिस मॉनिटर कर रही है, साथ ही इसमें एंटी-ड्रोन सिस्टम और साइबर सर्विलांस से लेकर ट्रैफिक मैनेजमेंट और रैपिड रिस्पॉन्स टीम तक सबको सुरक्षा का ध्यान रखना है। इसमें 4 हजार से ज्यादा कर्मियों को 10 जोन में तैनात किया गया है। भारत मंडपम, सुषमा स्वराज भवन और हैदराबाद हाउस के इलाकों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।
क्या है दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि कर्तव्य पथ, जनपथ, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, संसद मार्ग, बाबा खरक सिंह मार्ग, आउटर सर्कल (कनॉट प्लेस), तिलक मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, सी हेक्सागन, मथुरा रोड (सुभ्रमण्यम भारती मार्ग टी-पॉइंट से लोदी रोड फ्लाईओवर तक), लोदी रोड, पुराना किला रोड, अफ्रीका एवेन्यू, सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, औरोबिंदो मार्ग (AIIMS स्ट्रेच), राव तुला राम मार्ग, रिंग रोड (Brar Square AIIMS स्ट्रेच), एनएच-48 (रंगपुरी धौला कुआं स्ट्रेच) तक इन इलाकों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। हालांकि, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे या किसी प्रमुख रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले रास्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से समय से पहले निकलें।
वहीं नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों की ओर जाने वाले रेल यात्रियों को रिंग रोड, आश्रम चौक और वंदे मातरम मार्ग कॉरिडोर का उपयोग करने का सुझाव दिया गया है।
इसके अलावा, इसी हफ्ते से बोर्ड की परीक्षा भी शुरू हो रही है, जिसके लिए छात्रों को परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि इन स्कूलों के लिए खास नोडल अधिकारियों को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो।
Read more:- भारत में कल से शुरू होगा AI Impact Summit, दुनियाभर से शामिल होंगे प्रमुख नेता

