यूट्यूबर The UK07 Rider किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। The UK07 Rider’ नाम से फेमस अनुराग डोभाल इन दिनों मुश्किलों में चल रहे हैं। इस वक्त अपने जीवन के सबसे गहरे संकट से गुजर रहे हैं। बुधवार को अनुराग ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक 2 घंटे 15 मिनट लंबा वीडियो अपलोड किया है, जिसने न केवल उनके फैंस को बल्कि पूरे सोशल मीडिया जगत को हिलाकर रख दिया है। इस वीडियो को ‘द लास्ट मैसेज’ का टाइटल देते हुए अनुराग ने ऐलान किया कि वह यूट्यूब छोड़ रहे हैं और कहा है अब उनके पास जीने की कोई वजह नहीं बची है।
परिवार पर लगाए आरोप
अनुराग ने अपने वीडियो में फूट-फूटकर रोते हुए बताया कि उनकी इस स्थिति के लिए उनके माता-पिता, भाई कलाम और श्रेया जिम्मेदार हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी इंटरकास्ट मैरिज की वजह से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
अपनी आपबीती सुनाते हुए अनुराग ने कहा- शादी से 5-6 दिन पहले पता नहीं क्या हुआ, घरवालों ने कहा कि नहीं, हम तेरी शादी में नहीं आएंगे। मैंने पूरी शादी अकेले मैनेज की है। मुझसे हाथ जुड़वाए गए, पैर पकड़वाए गए। मुझसे सारे रिश्तेदारों के सामने सॉरी बुलवाया गया। पापा और मम्मा ने इस लेवल तक टॉर्चर किया है कि ना हम खुश रहेंगे, ना तुझे खुश रहने देंगे। सिर्फ इसलिए क्योंकि मैंने इंटर-कास्ट मैरिज की थी। मैं एक ब्राह्मण था और मैंने एक राजपूत (रितिका) से शादी की थी। मम्मा-पापा ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया और रितिका को घर में नहीं आने दिया।
भाई और पत्नी पर आरोप
अनुराग ने न केवल अपने माता-पिता बल्कि अपने भाई कलाम पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि किस तरह उनके अपनों ने ही उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से कंगाल कर दिया।
वीडियो में अनुराग ने बताया-मेरे भाई कलम ने बोला कि भाई तू जितना घर पे रहेगा, तू कुछ भी कर ले पर पापा तेरे से खुश नहीं होने वाले। तूने घरवालों का नाम डुबा दिया। मुझे न तो मां-बाप का प्यार मिला और ना ही भाई और बीवी का प्यार मिला। मेरे भाई ने मेरी संपत्ति और यहां तक कि मेरे कुत्तों को भी हड़प लिया। उसने सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देकर मुझसे सब कुछ छीन लिया।
वहीं अपनी पत्नी रितिका चौहान को लेकर अनुराग बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि 5 साल के रिलेशनशिप के बाद उन्होंने मई 2025 में शादी की थी और वे माता-पिता बनने वाले थे, लेकिन रितिका अचानक उन्हें छोड़कर चली गईं। उन्होंने रितिका को संबोधित करते हुए कहा:- रितिका, बहुत लोगों ने तुझे तंग किया और तुझसे झूठ बोला। मैं हमेशा तुमसे प्यार करता था, लेकिन तुमने दूसरों पर भरोसा किया और मुझे छोड़ दिया। मैं अपने बच्चे से प्यार करता था, वही मेरी आखिरी उम्मीद थी।
सुसाइड की कोशिश
‘मैं वो लड़का नहीं था जो हार मान जाए, लेकिन अभी आज की डेट पर शायद मेरे पास कुछ भी नहीं बचा है। आज दिन तक मैंने कुछ खाया नहीं है, ना ही सोया हूं। मैं पागलों वाली स्टेज में पहुंच चुका हूं। मैंने मम्मी के लिए जो साड़ी खरीदी थी, उसी से फांसी लगाने की कोशिश की, पर रुक गया यह सोचकर कि मम्मी-पापा का क्या होगा। लेकिन अब मैं बस सोना चाहता हूं। इस वीडियो के बाद शायद मैं गायब हो जाऊंगा।’
अनुराग डोभाल के इस वीडियो के बाद उनके 7.81 मिलियन फॉलोअर्स और दोस्त इन्फ्लुएंसर्स में शोक में हैं। अनुराग ने वीडियो के अंत में एक ‘ड्राइव लिंक’ साझा करने की बात भी कही है, जिसमें उन्होंने अपने दावों से जुड़े तमाम सबूत और कॉल रिकॉर्डिंग्स होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि उनके जाने के बाद लोग उन्हें झूठा समझें।
Read more:- ViRosh Reception: ‘अब हम अंडरग्राउंड होने वाले हैं…’ रिसेप्शन के बाद क्यों ऐसा बोले विजय देवरकोंडा?

