Greater Noida News: विदेश जाकर नौकरी करने का सपना देखने वाले लोगों को ठगने वाले एक शातिर गिरोह का ग्रेटर नोएडा की बिसरख पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यह गिरोह ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पॉश इलाके गौर सिटी मॉल में ‘स्काई वीजा वेंचर’ नाम से दफ्तर खोलकर लोगों को फिनलैंड, पोलैंड और रूस जैसे देशों का वर्क वीजा दिलाने के नाम पर लाखों की चपत लगा रहा था। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति अवस्थी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सक्षम शर्मा उर्फ बिट्टू (निवासी करनाल, हरियाणा) के रूप में हुई है। वह अपने साथी राजीव शर्मा उर्फ सुरेंद्र के साथ मिलकर गिरोह चला रहा था। ये ठग सोशल मीडिया और कॉलिंग के जरिए बेरोजगार युवाओं को अपना निशाना बनाते थे। भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने मॉल में बाकायदा ऑफिस खोल रखा था और पीड़ितों के साथ एग्रीमेंट भी साइन करते थे। वर्क वीजा दिलाने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से 80 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक की वसूली की जाती थी।
दूतावास से खुला फर्जीवाड़े का राज
आरोपियों की चालाकी का आलम यह था कि वे ग्राहकों को व्हाट्सएप पर फर्जी तरीके से तैयार किए गए वीजा की फोटोकॉपी भेज देते थे। ठगी का खुलासा तब हुआ जब कुछ पीड़ितों ने संबंधित देशों की एम्बेसी (दूतावास) से संपर्क किया। वहां उन्हें पता चला कि उनके हाथ में मौजूद वीजा महज रद्दी का एक टुकड़ा है और उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। 7 मार्च को एक पीड़ित द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने टीम गठित की और 8 मार्च को एटीएस रोड (साईं नर्सरी के पास) से सक्षम शर्मा को दबोच लिया।
भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 असली पासपोर्ट, 24 फर्जी वीजा की फोटोकॉपी, 37 ‘स्काई वीजा वेंचर’ के लेटर पैड, 90 विजिटिंग कार्ड, 2 फर्जी मोहरें, 3 मोबाइल फोन और 47,000 रुपये की नकदी बरामद की है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपनी पहचान छुपाने के लिए फर्जी नामों का सहारा लिया था।
पुराना अपराधी है सक्षम शर्मा
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि सक्षम शर्मा एक अभ्यस्त अपराधी है। वह इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के मेरठ और हरियाणा के पानीपत में इसी तरह की ठगी के मामलों में जेल जा चुका है। वह और उसका साथी अब तक सैकड़ों लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर चुके हैं। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपी राजीव शर्मा उर्फ सुरेंद्र की तलाश में जुटी है और जगह-जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Read more:- Alpha Release Date: कब होगी आलिया भट्ट की ‘अल्फा’ रिलीज़? नई डेट आई सामने

