Greater Noida AC Blast: उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है, जिससे लोग परेशान हैं। इसी बीच एसी ब्लास्ट के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले गाज़ियाबाद की गौर ग्रीन सोसाइटी में आग लगने से कई फ्लैट जलकर खाक हो गए थे। वहीं अब ग्रेटर नोएडा के बीटा सेक्टर से एक नया मामला सामने आया है, जहाँ एक मकान में एसी ब्लास्ट की वजह से आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
कैसे लगी आग?
ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर बीटा-1 स्थित मकान नंबर E-166 में आग लगने की सूचना मिली। आग रात करीब 10:15 बजे लगी। बताया जा रहा है कि फर्स्ट फ्लोर पर लगे एसी में अचानक आग लग गई, जिसके बाद देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, यह मकान अमित कुमार का है। घटना के समय घर के सभी सदस्य अंदर मौजूद थे। आग लगते ही सभी लोग तुरंत बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई। हालांकि, कुछ ही देर में घर धू-धू कर जलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और साथ ही दमकल विभाग को भी सूचना दी।
आग लगने की सूचना मिलते ही पूरे सेक्टर में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह एसी ब्लास्ट बताई जा रही है। दमकल विभाग की टीम ने समय पर पहुंचकर बड़े हादसे को टाल दिया। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि गर्मियों में बिजली के उपकरणों का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करें और समय-समय पर उनकी जांच जरूर कराते रहें।
Read more:- गाजियाबाद की Gaur Green Avenue Society में भीषण आग, तीन मंजिलों तक फैली लपटें

